Social Sharing icon

सहरसा। सहरसा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। इटहरी थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला ने अपने पांच बच्चों के साथ जहर खा लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सभी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दो मासूम बच्चों की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।

ससुर से विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम

जानकारी के अनुसार, रंजन पंडित की पत्नी सोनी देवी (40) का अपने ससुर से जमीन-जायदाद को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार को इसी बात पर फिर कहासुनी हुई, जिसके बाद आवेश में आकर महिला ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।  बताया जा रहा है कि महिला बाजार से कीटनाशक दवा खरीदकर लाई थी। रात में उसने दूध और होरलिक्स में जहर मिलाया और पहले अपने बच्चों को पिलाया, फिर खुद भी सेवन कर लिया।

जुड़वा बच्चों की हालत गंभीर

जहर खाने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। जहर खाने वालों में रामकुमार (5), लखन कुमार (5), प्रीति कुमारी (14) और रचना कुमारी (13) शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार जुड़वा बच्चे रामकुमार और लखन कुमार की हालत नाजुक है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है, जबकि अन्य की हालत स्थिर बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ससुर द्वारा संपत्ति दूसरे बेटों के नाम करने की बात कहे जाने से महिला आहत थी। इसी तनाव में उसने इतना बड़ा कदम उठा लिया।

पुलिस कर रही जांच

थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हर पहलू से पड़ताल की जा रही है, ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *