Social Sharing icon

बरेली। कोतवाली क्षेत्र के बिहारीपुर से दिल को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। दुबई में हुए भीषण हादसे में बरेली के जीशान अजहरी की मौत हो गई। जिस घर में दो महीने बाद निकाह की खुशियां सजनी थीं, वहां अब सन्नाटा और मातम पसरा है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

बमबारी के असर से धंसी सड़क, गड्ढे में समाई कार

परिजनों के मुताबिक जीशान दुबई में रैंक बैंक में नौकरी करते थे। 26 मार्च को वह बैंक के काम से निकले थे। उसी दौरान क्षेत्र में ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच बढ़े तनाव और हमलों के चलते हालात खराब थे। लगातार बमबारी के कारण कई जगह सड़कें धंस गई थीं। इसी बीच उनकी कार अचानक एक गहरे गड्ढे में जा गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

डेढ़ महीने पहले सगाई, मदीना में तय था निकाह

जीशान की करीब डेढ़ महीने पहले ही सगाई हुई थी। परिवार ने दो महीने बाद सऊदी अरब के मदीना शरीफ में निकाह की तैयारियां कर रखी थीं। घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ पलभर में खत्म कर दिया। लड़की पक्ष में भी इस दुखद खबर से गहरा सदमा है। मृतक जीशान, कोतवाली क्षेत्र के बिहारीपुर पुलिस चौकी के पीछे रहने वाले जान मोहम्मद उर्फ लल्ला के बेटे थे। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। बड़े भाई शानू और फरहान हैं। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां हाजरा का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में हर तरफ मातम का माहौल है।

प्रमोशन से पहले आई मौत, टूट गए सपने

परिजनों ने बताया कि जीशान का जल्द ही बैंक में एचआर पद पर प्रमोशन होने वाला था। परिवार को उनके उज्ज्वल भविष्य से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन अचानक आई इस खबर ने सभी सपनों को चकनाचूर कर दिया। जैसे ही जीशान की मौत की खबर बिहारीपुर इलाके में फैली, आसपास के लोग और रिश्तेदार उनके घर पहुंचने लगे। हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है और परिवार को ढांढस बंधा रहा है। पूरे क्षेत्र में गम और सन्नाटा पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *