नई दिल्ली। देशभर में बीते दिनों चली आंधी-तूफान के बाद अब मौसम नया रूप लेने जा रहा है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने 10 अप्रैल को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। पूर्वोत्तर भारत के 8 राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। वहीं कुछ राज्यों में गर्मी का असर भी बढ़ने वाला है।
पूर्वोत्तर में बारिश का रेड जोन, कई राज्यों में अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक अरुणाचल प्रदेश, असम, त्रिपुरा, मेघालय समेत पूर्वोत्तर के कई राज्यों में अगले 5 दिनों तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश होगी। इन इलाकों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने का भी खतरा है। साथ ही 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
उत्तर भारत को राहत, कुछ दिनों तक थमेगा बारिश का दौर
पिछले एक हफ्ते से उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार और राजस्थान में जारी आंधी-बारिश का दौर अब थमने वाला है। IMD के अनुसार अगले 5-6 दिनों तक उत्तर भारत में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहेगा और लोगों को राहत मिलेगी।
दिल्ली में धूप-छांव का खेल, तेज हवाएं चलेंगी
दिल्ली-एनसीआर में 10 अप्रैल को मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन हल्के बादल छाए रहेंगे। दिन के समय करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 11 और 12 अप्रैल को भी मौसम सामान्य बना रहेगा।
यूपी में कूल मौसम, फिर बढ़ेगी गर्मी
उत्तर प्रदेश में फिलहाल मौसम सुहावना बना हुआ है, लेकिन जल्द ही तापमान में इजाफा होगा। लखनऊ समेत कई जिलों में 10-11 अप्रैल को हल्के बादल रहेंगे, जबकि 12 से 14 अप्रैल तक मौसम साफ रहेगा और तापमान 36 डिग्री तक पहुंच सकता है। 15 अप्रैल के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में फिर बदलाव संभव है।
बिहार में येलो अलर्ट, कई जिलों में बारिश का खतरा
बिहार के अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि यहां पश्चिमी विक्षोभ का असर अब कम हो रहा है, लेकिन तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
ओडिशा और जम्मू-कश्मीर में भी बदलेगा मौसम
ओडिशा में 9-10 अप्रैल के दौरान गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश और 30-50 Kmph की हवाएं चलेंगी। वहीं जम्मू-कश्मीर में 11 अप्रैल को बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। लद्दाख में बिजली गिरने का भी खतरा जताया गया है।
आगे गर्मी का भी असर, इन राज्यों में लू का अलर्ट
IMD के अनुसार 14-15 अप्रैल को छत्तीसगढ़ और 11 से 15 अप्रैल के बीच गुजरात के तटीय इलाकों में लू चलने की संभावना है। देश में मौसम दो अलग-अलग रूप दिखा रहा है—एक तरफ पूर्वोत्तर में भारी बारिश और तूफान का खतरा, तो दूसरी तरफ मध्य और पश्चिमी भारत में गर्मी का असर बढ़ने वाला है। IMD ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।