Social Sharing icon

रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर में एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी पति ने कथित तौर पर पत्नी की गला घोंटकर हत्या की और फिर खुद को बचाने के लिए मेरठ के नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती हो गया। दो दिन बाद दूध देने पहुंचे दूधिए की सूचना पर वारदात का खुलासा हुआ।

दूधिए की आवाज से टूटा सन्नाटा, खिड़की से दिखा शव

सोमवार सुबह दूध देने पहुंचे दूधिए ने काफी देर तक आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर मकान मालिक और पड़ोसियों को बुलाया गया। खिड़की से झांकने पर कमरे के अंदर महिला का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

शारीरिक संबंध और दहेज विवाद बना मौत की वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पति ने शारीरिक संबंध बनाने के दौरान विरोध और दहेज की मांग पूरी न होने पर गुस्से में आकर पत्नी की हत्या कर दी। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मामले में पति और उसके भाई (देवर) के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

मेरठ में नशा मुक्ति केंद्र से दबोचा गया आरोपी

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी पति मेरठ के एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती है। संदेह के आधार पर पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लिया। मंगलवार को गिरफ्तारी दिखाकर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

दो साल पहले ही साथ रहने आई थी शिक्षिका

मृतका एकता उर्फ पूजा, मुजफ्फरनगर की रहने वाली थी और रामपुर के चमरौवा ब्लॉक के एक परिषदीय स्कूल में शिक्षिका के पद पर तैनात थी। वह पिछले दो वर्षों से अपने पति और बच्चे के साथ शिव विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रह रही थी।

नशे का आदी था आरोपी, अक्सर होता था विवाद

परिजनों के मुताबिक आरोपी नशे का आदी था और कोई स्थायी काम नहीं करता था। पत्नी के नौकरी करने के बाद दोनों के बीच शराब और घरेलू विवाद को लेकर अक्सर झगड़े होते थे। पुलिस ने घटना स्थल को सील कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का बयान

अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घुटने से मौत की पुष्टि हुई है। आरोपी को मेरठ से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार की है। मामले में विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *