Social Sharing icon

लखनऊ से महिलाओं के डिजिटल सशक्तिकरण की बड़ी शुरुआत होने जा रही है। यूपी सरकार विकसित यूपी @2047 अभियान के तहत ‘विमेन AI मिशन’ लॉन्च कर 2047 तक एक करोड़ महिलाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा एनालिटिक्स की ट्रेनिंग देने जा रही है। उद्देश्य सिर्फ स्किल देना नहीं, बल्कि महिलाओं को आईटी और एआई सेक्टर में रोजगार, निवेश और उद्योग के नए दरवाजे खोलना है। सरकार स्त्री उद्योग केंद्र स्थापित कर सुरक्षित औद्योगिक जोन भी विकसित करेगी, जिससे तकनीक की दुनिया में महिलाओं की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

विकसित यूपी @2047” का हाई-टेक कदम

उत्तर प्रदेश अब पारंपरिक विकास मॉडल से आगे बढ़कर डिजिटल और टेक्नोलॉजी आधारित अर्थव्यवस्था की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है। इसी दिशा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार ने ऐतिहासिक फैसला लिया है। ‘विमेन AI मिशन’ सिर्फ एक योजना नहीं, बल्कि प्रदेश की आधी आबादी को तकनीकी क्रांति से जोड़ने का विज़न है। सरकार का लक्ष्य है कि 2047 तक एक करोड़ से अधिक महिलाओं को AI और डेटा एनालिटिक्स में प्रशिक्षित किया जाए। यह मिशन विकसित यूपी @2047 के व्यापक खाके का अहम हिस्सा होगा।

टेक्नोलॉजी में महिलाओं की एंट्री

अब तक एआई और डेटा साइंस जैसे क्षेत्र बड़े शहरों और निजी संस्थानों तक सीमित माने जाते रहे हैं। लेकिन नई योजना के तहत जिला और मंडल स्तर पर एआई सेंटर स्थापित किए जाएंगे। डिजिटल प्लेटफॉर्म और मौजूदा एआई लैब नेटवर्क का उपयोग कर प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह ट्रेनिंग महज सर्टिफिकेट तक सीमित नहीं होगी, बल्कि इंडस्ट्री-ओरिएंटेड मॉड्यूल के माध्यम से महिलाओं को वास्तविक प्रोजेक्ट्स और लाइव डाटा पर काम करने का अनुभव मिलेगा।

PPP मॉडल से ग्लोबल कनेक्शन

सरकार इस मिशन को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल पर आगे बढ़ाएगी। Google, Meta और OpenAI जैसी वैश्विक कंपनियों के साथ साझेदारी की तैयारी है। आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग इस दिशा में समझौते करेगा। इससे प्रशिक्षण का स्तर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होगा और महिलाओं को मल्टीनेशनल कंपनियों में रोजगार का रास्ता मिलेगा।

 लखनऊ बनेगा AI हब

लखनऊ में AI City बनाए जाने की घोषणा पहले ही हो चुकी है। अब विमेन AI मिशन से यह शहर महिला तकनीकी प्रतिभाओं का केंद्र बन सकता है। सरकार का मानना है कि टेक्नोलॉजी सेक्टर में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से स्टार्टअप कल्चर और इनोवेशन को नई दिशा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *