Social Sharing icon

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बजट 2026-27 में पूंजीगत व्यय पर रिकॉर्ड दांव लगाकर साफ कर दिया है कि विकास और रोजगार को साथ-साथ आगे बढ़ाया जाएगा। कुल व्यय में ₹2,03,782 करोड़ 38 लाख रुपये का कैपिटल एक्सपेंडिचर, जो देश में सबसे अधिक है यह बताता है कि सरकार सिर्फ खर्च नहीं कर रही, बल्कि भविष्य की आर्थिक बुनियाद मजबूत कर रही है। सड़क, औद्योगिक क्लस्टर, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर पर किया गया यह निवेश प्रदेश में लाखों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर तैयार करने की क्षमता रखता है। जानकारों का मानना है कि पूंजीगत व्यय में यह बढ़ोतरी उत्तर प्रदेश को निवेश और रोजगार दोनों के मामले में अग्रणी राज्यों की कतार में मजबूती से खड़ा कर सकती है।

निर्माण से स्थायी रोजगार तक की पूरी कड़ी

आर्थिक नजरिए से पूंजीगत व्यय केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि रोजगार पैदा करने का बड़ा माध्यम है। जब सरकार सड़क, एक्सप्रेसवे, औद्योगिक पार्क, लॉजिस्टिक्स हब, ऊर्जा परियोजनाओं, डेटा सेंटर और शहरी ढांचे पर निवेश करती है, तो सबसे पहले निर्माण कार्य शुरू होते हैं। इससे इंजीनियरों, प्रोजेक्ट मैनेजरों, मशीन ऑपरेटरों और बड़ी संख्या में श्रमिकों को तुरंत काम मिलता है। लेकिन रोजगार यहीं खत्म नहीं होता। जैसे ही परियोजनाएं पूरी होती हैं, उनके संचालन और रखरखाव के लिए स्थायी नौकरियां बनती हैं। औद्योगिक क्लस्टर या लॉजिस्टिक्स पार्क विकसित होने पर वहां फैक्ट्रियां, वेयरहाउस, ट्रांसपोर्ट नेटवर्क और पैकेजिंग इकाइयां शुरू होती हैं। इससे उत्पादन, सप्लाई चेन, परिवहन, आईटी सपोर्ट, सुरक्षा और प्रशासनिक सेवाओं में लगातार रोजगार के अवसर बनते हैं।

निवेश से उद्योग, उद्योग से रोजगार

योगी सरकार की रणनीति साफ है, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर से उद्योग आएंगे और उद्योग से रोजगार बढ़ेगा। जब एक्सप्रेसवे और कनेक्टिविटी बेहतर होती है, तो निवेशकों के लिए उद्योग लगाना आसान हो जाता है। कच्चा माल जल्दी पहुंचता है, तैयार माल समय पर बाजार तक जाता है और लागत कम होती है। बेहतर कनेक्टिविटी से प्रदेश राष्ट्रीय सप्लाई चेन का अहम हिस्सा बनता है। जैसे-जैसे नए उद्योग स्थापित होते हैं और उत्पादन बढ़ता है, वैसे-वैसे युवाओं के लिए रोजगार के नए दरवाजे खुलते हैं।

एक परियोजना, कई अवसर

बड़ी परियोजनाओं का फायदा सिर्फ बड़े उद्योगों तक सीमित नहीं रहता। जहां एक्सप्रेसवे या औद्योगिक पार्क बनता है, वहां आसपास छोटे व्यवसाय भी तेजी से बढ़ते हैं। ढाबे, किराये के मकान, मरम्मत की दुकानें, स्थानीय परिवहन, पैकेजिंग और अन्य सेवाएं शुरू हो जाती हैं।

इससे स्थानीय लोगों की आय बढ़ती है और रोजगार के छोटे-छोटे लेकिन स्थायी अवसर पैदा होते हैं। यही कारण है कि इंफ्रास्ट्रक्चर आधारित विकास मॉडल को व्यापक रोजगार सृजन से जोड़ा जा रहा है।

वित्तीय संतुलन के साथ दीर्घकालिक विकास

विशेषज्ञों का कहना है कि राजकोषीय अनुशासन बनाए रखते हुए पूंजीगत व्यय बढ़ाना यह दिखाता है कि राज्य भविष्य की तैयारी कर रहा है। संतुलित वित्तीय प्रबंधन के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिक विस्तार पर जोर देना एक दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा है। औद्योगिक इकाइयों के विस्तार, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क के विकास और डिजिटल सेवाओं के बढ़ते दायरे के साथ आने वाले वर्षों में लाखों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बनने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *