google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
bareillyसोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ बैठक करते एडीजी रमित शर्मा।

बरेली। सोशल मीडिया पर तेजी से फैलती अफवाहों, फेक न्यूज और साइबर अपराधों के बीच बरेली पुलिस ने डिजिटल दुनिया में सक्रिय युवाओं के साथ तालमेल समन्वय बढ़ाने की पहल तेज कर दी है। सोमवार को एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के साथ बैठक कर स्पष्ट संदेश दिया कि सोशल मीडिया की ताकत केवल मनोरंजन और लोकप्रियता तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसका उपयोग समाज को जागरूक करने, अपराधों से बचाने और जिम्मेदार सूचनाएं जनता तक पहुंचाने के लिए भी होना चाहिए।

डिजिटल दुनिया के खास चेहरों से रूबरू हुए एडीजी

डीजीपी राजीव कृष्ण और शासन के निर्देश पर 23 नवंबर को जोनल कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता एडीजी रमित शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स युवाओं की सोच और सामाजिक संवाद को प्रभावित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में उनकी पहुंच का सकारात्मक इस्तेमाल पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास और सहयोग की नई कड़ी बन सकता है।

0

फेक न्यूज और अफवाहों पर फोकस, साइबर सुरक्षा को लेकर मंथन

बैठक में साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं, अफवाहों और फेक न्यूज से निपटने में डिजिटल क्रिएटर्स की भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया गया। एडीजी ने जिम्मेदारी के साथ सूचनाएं साझा करने और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

लाखों लोगों तक पहुंच रखने वाले क्रिएटर्स बन सकते हैं जागरूकता की आवाज

एडीजी रमित शर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स युवाओं की राय और सोच को प्रभावित करते हैं। यदि वे अपनी डिजिटल पहुंच का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करें तो अफवाहों और अपराधों के खिलाफ पुलिस तथा समाज के साझा प्रयासों को मजबूती मिल सकती है। उन्होंने कंटेंट क्रिएटर्स को सकारात्मक, रचनात्मक और जनहितकारी विषयों पर वीडियो तथा अन्य सामग्री तैयार करने के लिए प्रेरित किया।

यूपी पुलिस की वेबसाइट पर पंजीकरण की भी दी जानकारी

बैठक में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स को उत्तर प्रदेश पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध डिजिटल फॉर्म के माध्यम से पंजीकरण करने की जानकारी दी गई। इस पहल का उद्देश्य पुलिस और डिजिटल समुदाय के बीच संवाद का दायरा बढ़ाना तथा जनहित के मुद्दों पर व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करना है।

मई में भी हुआ था इन्फ्लुएंसर्स का बड़ा सम्मेलन

यह पहला मौका नहीं है जब बरेली जोन पुलिस ने डिजिटल क्रिएटर्स के साथ संवाद की पहल की हो। इससे पहले मई 2026 में जोन कार्यालय की ओर से ‘CONNECT BAREILLY ZONE INFLUENCERS MEET UP–2026’ का आयोजन किया गया था। इसमें बरेली जोन के विभिन्न जिलों के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स को एक मंच पर लाया गया था। अब नवंबर में दोबारा हुई इस बैठक के जरिए पुलिस ने डिजिटल समुदाय के साथ संवाद और सहयोग को आगे बढ़ाने का संदेश दिया है। पुलिस की कोशिश है कि सोशल मीडिया की व्यापक पहुंच अफवाहों का माध्यम बनने के बजाय जागरूकता, सुरक्षा और जनहितकारी सूचनाओं की ताकत बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *