google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
bareillyजिला अस्पताल पहुंचीं घायल बच्चियां।

बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम घर के बाहर खेल रहीं तीन मासूम बच्चियों पर जंगली जानवर ने अचानक हमला कर दिया। हमले में तीनों बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। किसी के चेहरे तो किसी के हाथ और पीठ पर गहरे जख्म हो गए। बच्चियों की चीख-पुकार सुनकर परिजन घर से बाहर दौड़े। घायल बच्चियों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। परिजनों ने भेड़िये के हमले की आशंका जताई है।

थाना क्षेत्र के धौराटांडा मुंडिया हाफिजगंज निवासी भद्रसेन ने बताया कि उनकी नातिन चार वर्षीय दृष्टि, नौ वर्षीय सोनम और छह वर्षीय मनोरमा गुरुवार शाम करीब साढ़े छह बजे घर के दरवाजे पर खेल रही थीं। इस दौरान बच्चियों की मां घर के अंदर घरेलू कामकाज में व्यस्त थीं। तभी अचानक बाहर से बच्चियों के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर उनकी मां घबराकर बाहर पहुंचीं तो तीनों बच्चियां घायल अवस्था में मिलीं।

किसी का अंगूठा नोंचा तो किसी के चेहरे और पीठ पर जख्म

परिजनों के मुताबिक, जंगली जानवर के हमले में एक बच्ची के हाथ का अंगूठा बुरी तरह जख्मी हो गया, जबकि दूसरी के चेहरे और तीसरी की पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। बच्चियों की हालत देखकर परिवार में अफरातफरी मच गई। परिजन बिना देर किए तीनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में घायल बच्चियों का उपचार किया जा रहा है।

दादा ने जताई भेड़िये के हमले की आशंका

घायल बच्चियों के दादा भद्रसेन ने बताया कि परिवार के किसी सदस्य ने जानवर को हमला करते हुए नहीं देखा। हालांकि, बच्चियों के शरीर पर जिस तरह के घाव हैं, उन्हें देखकर भेड़िये के हमले की आशंका हो रही है। उन्होंने कहा कि जानवर ने बच्चियों के शरीर को बुरी तरह नोंच डाला। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमला भेड़िये ने किया या किसी अन्य जंगली जानवर ने।

जंगली जानवर की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं

तीन मासूम बच्चियों पर हुए इस हमले ने परिवार को दहशत में डाल दिया है। घटना के बाद परिजन बच्चियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। फिलहाल हमलावर जानवर की पहचान नहीं हो सकी है। वन विभाग या पुलिस की ओर से जानवर की पहचान और घटना के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही हमले की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *