बरेली। सीएम ग्रिड योजना के तहत शहर में चल रहे विकास कार्यों को लेकर शासन ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को हुई वर्चुअल समीक्षा बैठक में शासन ने योजना के दूसरे चरण के सभी निर्माण कार्य फरवरी 2027 तक हर हाल में पूरे करने के निर्देश दिए। साथ ही तीसरे चरण के कार्यों को जल्द शुरू कराने और निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाली ठेकेदार फर्मों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। शासन ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में देरी और गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शनिवार को नगर निगम के आईट्रिपलसी कक्ष में वर्चुअल माध्यम से आयोजित बैठक में प्रदेशभर के नगर निगमों में सीएम ग्रिड योजना के तहत कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई। प्रमुख सचिव ने योजना के पहले चरण में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद दूसरे और तीसरे चरण के कार्यों की स्थिति पर चर्चा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे कराए जाएं, ताकि शहरवासियों को जल्द बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके।
फरवरी 2027 तक पूरे करने होंगे दूसरे चरण के काम
समीक्षा के दौरान शासन ने दूसरे चरण के निर्माण कार्यों को लेकर विशेष जोर दिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि फरवरी 2027 तक सभी कार्य अनिवार्य रूप से पूरे करा लिए जाएं। इसके लिए निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, तीसरे चरण के कार्यों को शुरू कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए, ताकि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी न हो।
लापरवाही करने वाली ठेकेदार फर्मों पर होगी कार्रवाई
शासन ने निर्माण कार्यों में सुस्ती और लापरवाही बरतने वाली ठेकेदार फर्मों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कहा गया कि कार्यों की प्रगति पर लगातार नजर रखी जाए। निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य कराना सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित ठेकेदार फर्म के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
नगर आयुक्त ने प्रजेंटेशन देकर बताई बरेली के कार्यों की स्थिति
बैठक के दौरान नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बरेली में सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों का प्रजेंटेशन प्रस्तुत किया। उन्होंने योजना के पहले, दूसरे और तीसरे चरण से जुड़े कार्यों की प्रगति और वर्तमान स्थिति से शासन के अधिकारियों को अवगत कराया। शासन की ओर से सभी नगर निगमों को विकास कार्यों में तेजी लाने के साथ निर्धारित समयसीमा और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।