google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
bareillyफीता काटकर मेले का शुभारंभ करते बिथरी चैनपुर विधायक।

बरेली। आरटीओ परिसर में शनिवार को लगे वृहद परिवहन मेले में करीब 500 आवेदकों ने पहुंचकर वाहन संबंधी समस्याओं का समाधान कराया। मेले में परिवहन विभाग को करीब 15 लाख रुपये का मार्ग कर जमा हुआ। खास बात यह रही कि वाहन स्वामियों को टैक्स जमा करने से लेकर फिटनेस, परमिट और पंजीकरण तक की सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराई गईं। बिथरी चैनपुर के विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर विभिन्न काउंटरों का निरीक्षण किया।

परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश पर आयोजित इस मेले में एकल खिड़की व्यवस्था के तहत अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। यहां नियमानुसार पात्र वाहन स्वामियों को बकाया टैक्स पर शास्ति में छूट का लाभ दिया गया। साथ ही पुराने कर संबंधी मामलों के निस्तारण और भुगतान के लिए डिजिटल समेत अन्य माध्यमों की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

पुराने वाहन स्क्रैप कराने पर नए पंजीकरण की जानकारी

मेले में नए वाहनों के पंजीकरण और उससे जुड़ी औपचारिकताएं पूरी कराने के लिए भी काउंटर बनाया गया था। वहीं, पुराने वाहनों को पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग सुविधा केंद्र में स्क्रैप कराने के बाद मिलने वाले प्रमाणपत्र के आधार पर नए वाहन के पंजीकरण और नियमानुसार मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई। इसके अलावा वाहनों की फिटनेस, परमिट नवीनीकरण और नए परमिट जारी करने से जुड़े मामलों का भी निस्तारण किया गया। वहीं नागरिक सहायता काउंटर पर वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र में मोबाइल नंबर अपडेट कराने, सारथी पोर्टल से जुड़ी समस्याओं के समाधान और हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) लगवाने के संबंध में लोगों को सहायता दी गई। इसका मकसद लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए आरटीओ कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत दिलाना था।

पंकज सिंह बोले- सेवाओं को आसान बनाना प्राथमिकता

आरटीओ प्रशासन पंकज सिंह ने बताया कि परिवहन आयुक्त के निर्देश पर मेले का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य लोगों को पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ लंबित मामलों का निस्तारण करना है। विभाग वाहन स्वामियों की समस्याओं के समाधान और सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इस दौरान आरटीओ प्रवर्तन प्रणव झा, ब्लॉक प्रमुख एडवोकेट हरेंद्र पटेल, एआरटीओ प्रशासन डॉ. प्रवेश कुमार सरोज, एआरटीओ प्रवर्तन वैभव सोती, यात्रीकर अधिकारी सहित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *