google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSमृतक फाइल फोटो

बरेली। उत्तराखंड के रुद्रपुर में रोडवेज के पास अमन टी-स्टॉल के सामने हुए विवाद में पत्थर से हमला कर गंभीर रूप से घायल किए गए युवक की शनिवार को बरेली के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां ने तीन युवकों पर बेटे के सिर पर पत्थर से हमला कर जान लेने का आरोप लगाया है।

चाय पीने जा रहे युवक को वाहन ने मारी थी टक्कर

जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर के रम्पुरा वार्ड संख्या 22 निवासी राजेश पुत्र स्वर्गीय छोटे लाल 30 अक्टूबर की रात करीब 12:30 बजे अपने दोस्त सचिन रस्तोगी के साथ रोडवेज के पास स्थित अमन टी-स्टॉल पर चाय पीने जा रहा था। इसी दौरान एक वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

बाइक से पहुंचे तीन युवकों ने किया हमला

मृतक की मां सुनीता के अनुसार, वाहन की टक्कर के बाद बाइक से पहुंचे गौरव कुमार निवासी मेरठ, प्रेम प्रशांत निवासी रोहतक और चेतन वर्मा निवासी ट्रांजिट कैंप ने राजेश के साथ गालीगलौज शुरू कर दी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर तीनों ने जान से मारने की नीयत से राजेश के सिर पर पत्थर से कई वार कर दिए। हमले में राजेश लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गया।

बरेली के राधिका अस्पताल में चल रहा था उपचार

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने गंभीर रूप से घायल राजेश को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बरेली रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों ने उसे बरेली के राधिका अस्पताल में भर्ती कराया, जहां आईसीयू में उसका उपचार चल रहा था। शनिवार को उपचार के दौरान राजेश ने दम तोड़ दिया।

मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मचा कोहराम

राजेश की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बेटे की मौत से मां सुनीता समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने तीन युवकों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। हालांकि, आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे और गिरफ्तारी के संबंध में पुलिस की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *