bareillyपरीक्षा देकर केंद्र से बाहर आते अभ्यर्थी।

बरेली। एक नौकरी और उसके पीछे औसतन 565 दावेदार। करीब दो दशक बाद निकली स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी की भर्ती ने रविवार को जबरदस्त मुकाबले की तस्वीर दिखा दी। परिवार कल्याण महानिदेशालय में सिर्फ 221 पद हैं, जबकि इन्हें पाने के लिए प्रदेशभर से 1,24,806 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। बरेली में बनाए गए 18 केंद्रों पर 7,808 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।

स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी की भर्ती लंबे समय बाद आई है। यही वजह है कि पदों की संख्या के मुकाबले आवेदन का आंकड़ा बेहद बड़ा हो गया। 221 पदों पर 1.24 लाख से ज्यादा आवेदन का मतलब है कि एक पद के लिए औसतन 565 अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला है।

दो दशक बाद खुला भर्ती का रास्ता

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने रविवार को स्क्रीनिंग परीक्षा कराई। बरेली में परीक्षा के लिए 18 केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा एक ही पाली में सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक चली। परीक्षा भले ही 9:30 बजे शुरू होनी थी, लेकिन केंद्रों के दरवाजे अभ्यर्थियों के लिए सुबह 7:30 बजे ही खोल दिए गए। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की आवाजाही बढ़ गई। जांच और जरूरी औपचारिकताओं के बाद उन्हें केंद्र के अंदर प्रवेश दिया गया।

18 केंद्र, हर केंद्र पर मजिस्ट्रेट की निगरानी

परीक्षा पर प्रशासन की भी कड़ी नजर रही। एडीएम सिटी डॉ. अविनाश त्रिपाठी के मुताबिक सभी 18 केंद्रों के लिए 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 18 स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए। इसके अलावा एडीएम स्तर के चार अधिकारियों को जोनल मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी दी गई। इस भर्ती का सबसे चौंकाने वाला आंकड़ा अभ्यर्थियों की संख्या है। प्रदेशभर में 1,24,806 दावेदारों की नजर महज 221 पदों पर टिकी है। स्क्रीनिंग परीक्षा के साथ भर्ती की पहली बड़ी कसौटी पूरी हो गई। अब परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए आगे की राह खुलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *