बरेली। आंवला क्षेत्र में एक युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर करीब एक साल तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि जब युवती ने शादी के लिए कहा तो युवक ने इनकार कर दिया। इसके बाद युवक और उसके साथियों ने युवती के साथ मारपीट की, जातिसूचक शब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी अब्बास को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला आंवला कस्बे के मोहल्ला बजरिया का है। पुलिस के मुताबिक पीड़िता ने एक अक्तूबर को थाने में तहरीर दी थी। उसने आरोप लगाया कि मोहल्ला बजरिया निवासी अब्बास ने शादी का भरोसा देकर करीब एक वर्ष तक उसका शारीरिक शोषण किया। बाद में उसने शादी करने से इनकार कर दिया।
शादी की बात पर मारपीट का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि शादी की बात को लेकर विवाद होने पर अब्बास समेत आठ लोगों ने एक राय होकर उसके साथ मारपीट की। इस दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता की तहरीर पर आंवला पुलिस ने अब्बास समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 191(2), 115(2), 69 और 351(3) के साथ एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस के मुताबिक विवेचना में मिले साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 316(2) भी बढ़ाई गई है।
अलीगंज अड्डे से दबोचा आरोपी
रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित अब्बास अलीगंज अड्डे के पास मौजूद है और कहीं जाने की फिराक में है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सुबह करीब 11:05 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अब्बास मोहल्ला बजरिया, कस्बा आंवला का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की विवेचना की जा रही है।