बदायूं। बिसौली थाना क्षेत्र के गांव सर्वा में बेटी की विदाई समारोह में तैयार किया गया भोजन खाने के बाद एक ही परिवार के 15 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। देखते ही देखते परिवार के सदस्यों को उल्टी, दस्त और पेट में तेज दर्द की शिकायत होने लगी, जिससे घर में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन सभी बीमार लोगों को तत्काल बिसौली के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक अधिकांश मरीजों की हालत में सुधार है, लेकिन तीन लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। अस्पताल प्रशासन लगातार उनकी निगरानी कर रहा है।
खुले सरसों के तेल पर उठे सवाल
परिजनों ने बताया कि विदाई समारोह के लिए घर में पूड़ी-कचौड़ी और अन्य व्यंजन तैयार किए गए थे। भोजन बनाने में कस्बे से खरीदे गए खुले सरसों के तेल का इस्तेमाल किया गया था। खाना खाने के कुछ ही समय बाद लोगों को बेचैनी महसूस होने लगी और फिर एक-एक कर परिवार के कई सदस्य बीमार पड़ गए।
फूड प्वाइजनिंग की आशंका, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी माताशंकर ने परिजनों से जानकारी जुटाई और भोजन में इस्तेमाल किए गए तेल समेत अन्य खाद्य सामग्री की जांच शुरू कर दी। संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने भी एकत्र किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि बीमारी की वास्तविक वजह प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है, जबकि गांव में घटना को लेकर चिंता और दहशत का माहौल बना हुआ है।