UP NEWSअंतर-महाविद्यालयी प्रतियोगिताओं में चार पुरस्कार जीतने वाले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के विजेता विद्यार्थी।

बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र के विद्यार्थियों ने अंतर-महाविद्यालयी प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर चार पुरस्कार अपने नाम किए। राष्ट्रीय हिंदी दिवस के अवसर पर आयोजित भाषण और सुविचार लेखन प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय के चारों नामित प्रतिभागियों ने अलग-अलग स्थान हासिल कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया।

भाषण प्रतियोगिता में लवी प्रथम, अभय ने हासिल किया तीसरा स्थान

खंडेलवाल कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, बरेली की शिक्षा समिति एवं साक्षरता क्लब की ओर से 18 सितंबर को अंतर-महाविद्यालयी भाषण एवं सुविचार लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। भाषण प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र की लवी सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि अभय सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

सुविचार लेखन में श्रद्धा और सुनैना ने जमाई धाक

सुविचार लेखन प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की श्रद्धा शर्मा ने द्वितीय स्थान और सुनैना सक्सेना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। खास बात यह रही कि विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र से नामित चारों प्रतिभागियों ने प्रतियोगिताओं में पुरस्कार हासिल किए।

अंतरराष्ट्रीय पटल पर हिंदी पर दिखाया दम

भाषण प्रतियोगिता का विषय ‘अंतरराष्ट्रीय पटल पर हिंदी : चुनौतियाँ एवं समाधान’ था। वहीं सुविचार लेखन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को किसी भी विषय पर प्रभावी और रचनात्मक सुविचार लिखकर उसकी प्रस्तुति करनी थी। विद्यार्थियों ने अपनी अभिव्यक्ति, रचनात्मकता, मौलिक चिंतन और विषय की समझ का प्रभावी प्रदर्शन किया।

कुलपति ने उपलब्धि को बताया विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक ताकत

कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की निरंतर सांस्कृतिक उपलब्धियां विश्वविद्यालय की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को मजबूत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र विद्यार्थियों की प्रतिभा और कौशल को निखारने के लिए लगातार मंच उपलब्ध करा रहा है।

चारों प्रतिभागियों की सफलता पर विश्वविद्यालय में खुशी

विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र की समन्वयक डॉ. ज्योति पाण्डेय ने बताया कि प्रतियोगिताओं के लिए केंद्र की ओर से चार विद्यार्थियों को नामित किया गया था और चारों ने पुरस्कार हासिल किए। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

शिक्षकों और अधिकारियों ने दी बधाई

विद्यार्थियों की उपलब्धि पर कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार सिंह, सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. ज्योति पाण्डेय, डॉ. इंद्रप्रीत कौर, डॉ. रीना पंत, श्री तपन वर्मा, कल्चरल क्लब सहित शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *