google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
bareillyबारादरी पुलिस ने 24 घंटे में स्कूटी चोरी का खुलासा कर आरोपी अंश योगी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की होंडा एक्टिवा बरामद हुई

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से पुलिस को मिली सफलता, पीलीभीत बाईपास से दबोचा गया आरोपी

सैमसंग स्टोर के सामने से चोरी हुई थी स्कूटी

बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने स्कूटी चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की होंडा एक्टिवा स्कूटी भी बरामद की है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने शौक पूरे करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

पीड़ित की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा

कैंट थाना क्षेत्र के एसआईएस बाजार निवासी अंकुर सेठी पुत्र सुरेंद्र कुमार सेठी ने 19 अक्टूबर को बारादरी थाने में तहरीर देकर अपनी होंडा एक्टिवा स्कूटी संख्या यूपी-25-सीए-3394 चोरी होने की शिकायत की थी। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा संख्या 1298/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर तृतीय के निर्देशन में बारादरी पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने पीलीभीत बाईपास रोड स्थित मौर्य धर्मकांटा के पास घेराबंदी कर आरोपी अंश योगी पुत्र रामबाबू योगी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हजियापुर में खुशलोक अस्पताल के पास का रहने वाला है। उसकी उम्र करीब 21 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने उसके पास से चोरी की स्कूटी बरामद की।

शौक पूरे करने के लिए करता था चोरी

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पढ़ा-लिखा नहीं है और कोई काम भी नहीं करता। अपने शौक पूरे करने के लिए चोरी करता है और चोरी का सामान बेचकर रुपये जुटाता है। आरोपी ने बताया कि उसने स्कूटी पीलीभीत बाईपास स्थित सैमसंग स्टोर के सामने से चोरी की थी।

पेट्रोल खत्म हुआ तो पुलिस के हत्थे चढ़ा

आरोपी के मुताबिक, वह चोरी की स्कूटी से हजियापुर से सैटेलाइट अपने दोस्त से मिलने जा रहा था। रास्ते में स्कूटी का पेट्रोल खत्म हो गया, जिससे वह सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *