मनोनयन पत्र वितरण कार्यक्रम में नवनियुक्त पदाधिकारियों को दी गई जिम्मेदारियां, आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर एकजुटता का आह्वान
बरेली। समाजवादी पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करने की कवायद शुरू कर दी है। सोमवार को समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र वितरित किए गए। इस दौरान पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने की, जबकि संचालन नवनियुक्त जिला महासचिव राजकुमार पाल ने किया। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव तथा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने जिला कार्यकारिणी में शामिल उपाध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष, सचिव एवं कार्यकारिणी सदस्यों सहित अन्य पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र प्रदान किए।
‘पद छोटा-बड़ा नहीं, हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी अहम’
जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि संगठन में कोई पद छोटा या बड़ा नहीं होता। सभी कार्यकर्ता बराबर हैं और प्रत्येक की अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समानता, सम्मान और सभी को साथ लेकर चलना ही समाजवाद की असली भावना है उन्होंने नई जिला कार्यकारिणी से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को जोड़ने और जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाला समय संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ काम करें।
भाजपा नेताओं के बयानों पर जताई नाराजगी
शुभलेश यादव ने भाजपा नेताओं द्वारा समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के प्रति कथित अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन लोकतंत्र में राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के प्रति भाषा की मर्यादा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अपने नेताओं के सम्मान से कोई समझौता नहीं करेगी और अमर्यादित बयानों की निंदा करती है।
‘जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जल्द होगा बड़ा आंदोलन’
जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ समाजवादी पार्टी जल्द ही बड़ा आंदोलन करेगी। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, युवाओं के रोजगार और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। समाजवादी पार्टी हर वर्ग के अधिकारों और समस्याओं को लेकर मजबूती से आवाज उठाती रहेगी।
‘सामाजिक न्याय और पीडीए के विचार पर बनी कार्यकारिणी’
राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव ने कहा कि बरेली जिला कार्यकारिणी का गठन सामाजिक न्याय और पीडीए के मूल विचार को ध्यान में रखते हुए किया गया है। उन्होंने दावा किया कि कार्यकारिणी में समाज के विभिन्न वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया है, जो पार्टी की समावेशी राजनीति और सामाजिक बराबरी की सोच को दर्शाता है।उन्होंने जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव समेत पूरी जिला कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा कि चुनाव का समय नजदीक है। ऐसे में प्रत्येक पदाधिकारी को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पूरी ताकत से संगठन के लिए काम करना होगा।
‘अखिलेश यादव जिस प्रत्याशी को टिकट देंगे, उसके साथ पूरी ताकत से उतरें’
वीरपाल सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जिस भी प्रत्याशी को पार्टी का टिकट देंगे, सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को पूरी एकजुटता के साथ उसके समर्थन में चुनाव मैदान में उतरना होगा। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता का आधार बनेगी।उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी केवल चुनाव लड़ने वाला राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, लोकतंत्र, संविधान और बराबरी की लड़ाई लड़ने वाला आंदोलन है। कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर जनसमस्याओं और पार्टी की नीतियों को मजबूती से उठाना चाहिए।
नई कार्यकारिणी ने लिया संगठन मजबूत करने का संकल्प
नवनियुक्त जिला महासचिव राजकुमार पाल ने कहा कि सभी पदाधिकारी संगठन की जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं पर जो विश्वास जताया है, उसे संगठन को मजबूत करके और जनता के बीच सक्रिय रहकर पूरा किया जाएगा।कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष प्रमोद बिष्ट, प्रमोद यादव एडवोकेट, बृजेंद्र पटेल, बृजेंद्र सिंह, जितेंद्र मुंडे, चौधरी बृजेंद्र, पीयूष वर्मा, प्रदीप मौर्य, रईस मियां अब्बासी, तनवीरुल इस्लाम, योगेश सिंह, संजीव दन्नू, ताजुद्दीन, हसनैन खान, जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव, जिला सचिव राम सेवक प्रजापति, जमुना प्रसाद मौर्य, डॉ. सत्यदेव मैथिल, नवीन कश्यप, अंशु गंगवार, अरविंद बाल्मीकि, रमेश यादव, शकील सैफी, राकेश प्रताप सिंह, पीर मोहम्मद, डॉ. मुक्ता प्रसाद दिवाकर, ठाकुर चंद्रपाल सिंह, नरेश विश्वकर्मा, जुल्फिकार बिट्टू, कप्तान यादव, रविंद्र यादव सहित कार्यकारिणी के हाजी वफा उर रहमान, सीमा श्रीवास्तव, विशन सिंह मौर्य, भजन लाल मौर्य, पप्पू कश्यप, जयदेव पटेल, बृजलाल लोधी, गंगा सिंह लोधी, भद्रासेन गंगवार, अरविंद यादव, विश्वास लोधी, राकेश गौड़, चौधरी पुष्पेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।कार्यक्रम के अंत में नवनियुक्त पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी चुनाव में पूरी एकजुटता के साथ जुटने का संकल्प लिया।