google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSAI चित्र।

बरेली। राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) से चोरी के मामले में निरुद्ध 15 वर्षीय किशोर सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के दौरान ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। किशोर के गायब होने की जानकारी मिलते ही संप्रेक्षण गृह प्रशासन में खलबली मच गई। काफी तलाश के बाद भी उसका सुराग नहीं लगने पर सहायक अधीक्षक ने सुरक्षा और देखरेख में तैनात तीन कर्मचारियों के खिलाफ किला थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस किशोर की तलाश के साथ ही कर्मचारियों की लापरवाही की जांच कर रही है।

चोरी के मामले में 14 अक्टूबर को भेजा गया था संप्रेक्षण गृह

इज्जतनगर थाना क्षेत्र का रहने वाला किशोर चोरी के मामले में पकड़ा गया था। प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड के आदेश पर उसे 14 अक्टूबर को राजकीय संप्रेक्षण गृह भेजा गया था। यहां उसकी सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी कर्मचारियों को सौंपी गई थी। इसके बावजूद 19 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे किशोर संप्रेक्षण गृह से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि दुबला-पतला होने के कारण किशोर गेट का चैनल खींचकर उसके बीच बनी जगह से निकल गया। हैरानी की बात यह रही कि सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों को उसके भागने की भनक तक नहीं लगी।

रेलवे स्टेशन और बस स्टॉप पर तलाश, नहीं मिला सुराग

किशोर के गायब होने की जानकारी मिलते ही संप्रेक्षण गृह प्रशासन ने उसकी तलाश शुरू कराई। कर्मचारियों को स्थानीय रेलवे स्टेशन, बस स्टॉप और अन्य संभावित स्थानों पर भेजा गया। आसपास के इलाकों में भी उसकी खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद सहायक अधीक्षक ने किला थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। किशोर की पहचान के लिए पुलिस को उसकी फोटो भी उपलब्ध कराई गई है। बताया गया है कि उसके सीने पर मस्से का निशान है। संप्रेक्षण गृह प्रशासन ने किशोर के मिलने पर उसे दोबारा संस्था में भेजने का अनुरोध किया है।

मोहम्मद वारिस समेत तीन कर्मचारियों पर दर्ज हुआ मुकदमा

संप्रेक्षण गृह के सहायक अधीक्षक ने किशोर के फरार होने के मामले में ड्यूटी पर तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मोहम्मद वारिस, होमगार्ड फूलचंद्र और कुंवरसेन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनकी शिकायत पर किला थाना पुलिस ने तीनों कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। संप्रेक्षण गृह से किशोर के फरार होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच करने के साथ फरार किशोर का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *