UP NEWSशिक्षक एमएलसी चुनाव के नामांकन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मी।

बरेली। बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट पर एमएलसी चुनाव का बिगुल बज गया है। मंगलवार को मंडलायुक्त शंभू कुमार ने चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी। इसके साथ ही नामांकन का सिलसिला भी शुरू हो गया। भाजपा और सपा अपने प्रत्याशियों का ऐलान पहले ही कर चुकी हैं। अब चुनावी मैदान में भाजपा के मौजूदा एमएलसी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो और सपा के मोहम्मद दानिश अख्तर आमने-सामने हैं।

अमरोहा निवासी बीएएमएस डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने राजनीति की शुरुआत जनता दल से की थी। बाद में वह अजित सिंह के साथ चले गए और एमएलसी बने। बरेली-मुरादाबाद स्नातक सीट से उन्हें लगातार दो चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। पहली बार डॉ. नैपाल सिंह और दूसरी बार डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने उन्हें हराया था। इसके बाद ढिल्लो भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा ने पिछली बार शिक्षक एमएलसी चुनाव में डॉ. हरि सिंह ढिल्लो को मैदान में उतारा था। उन्होंने चुनाव जीतकर शिक्षक सीट पर कब्जा जमाया। इस बार पार्टी ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताते हुए प्रत्याशी बनाया है। डॉ. ढिल्लो भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह के समधी हैं।

पिछली बार अटेवा से लड़े थे दानिश अख्तर

सपा ने बिजनौर निवासी मोहम्मद दानिश अख्तर को प्रत्याशी बनाया है। दानिश बिजनौर के कीरतपुर स्थित एक इंटर कॉलेज में शिक्षक हैं। वह पिछली बार इसी सीट से ऑल टीचर्स एम्पलाई वेलफेयर एसोसिएशन (अटेवा) के प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ चुके हैं। इस बार वह सपा के टिकट पर मैदान में हैं। वहीं बरेली-मुरादाबाद शिक्षक खंड निर्वाचन क्षेत्र में इस बार कुल 46,699 मतदाता हैं। 23 अक्टूबर को यही मतदाता अपने एमएलसी का चुनाव करेंगे। छह साल में मतदाताओं की संख्या करीब 10 हजार बढ़ गई है। वर्ष 2020 में इस सीट पर 36,703 मतदाता थे।

नौ जिलों में फैली है सीट, बिजनौर सबसे आगे

बरेली-मुरादाबाद शिक्षक खंड निर्वाचन क्षेत्र में कुल नौ जिले शामिल हैं। इनमें मुरादाबाद मंडल के पांच और बरेली मंडल के चार जिले हैं। वर्ष 2020 में सबसे ज्यादा 6,352 मतदाता बिजनौर में थे, जबकि पीलीभीत में सबसे कम 1,967 मतदाता थे। अब बिजनौर में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 8,451 हो गई है। वहीं रामपुर 3,093 मतदाताओं के साथ सबसे पीछे है। मुरादाबाद में भी मतदाताओं की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है। यहां पिछले चुनाव में 5,475 मतदाता थे, जो अब बढ़कर 7,504 हो गए हैं। यानी छह साल में मुरादाबाद में 2,029 शिक्षक मतदाता बढ़े हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *