बरेली। फरीदपुर क्षेत्र के कुईयां खेड़ा गांव में ग्राम समाज की जमीन पर पड़े घूरे को हटाने का विवाद मंगलवार सुबह दो सगे भाइयों के बीच खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि बड़े भाई और उसके बेटों व अन्य परिजनों ने 58 वर्षीय अमर सिंह यादव को पकड़कर कई बार जमीन पर पटक दिया। उनकी मौत के बाद आक्रोशित परिजन शव ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर सीधे फरीदपुर थाने पहुंच गए। पुलिस ने शव को सीएचसी भिजवाया और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।
बारिश में रास्ते तक फैल गया था घूरा
कुईयां खेड़ा निवासी अमर सिंह यादव का ग्राम समाज की जमीन पर घूरा पड़ा था। पिछले दिनों हुई बारिश के कारण घूरे का कुछ हिस्सा बहकर रास्ते तक पहुंच गया था। बताया जा रहा है कि अमर सिंह के बड़े भाई मदनलाल, जो सेवानिवृत्त शिक्षक हैं, घूरे को वहां से हटवाना चाहते थे। घूरे के पीछे उनकी जमीन होने के कारण दोनों पक्षों के बीच इसे लेकर तनातनी चल रही थी। मंगलवार सुबह मदनलाल ने अमर सिंह से तत्काल घूरा हटाने के लिए कहा। अमर सिंह और उनके बेटों ने बताया कि कुछ दिन बाद खेत खाली हो जाएंगे। इसके बाद घूरे को उठाकर खेत में खाद के रूप में डाल दिया जाएगा। आरोप है कि दूसरा पक्ष तत्काल घूरा हटाने पर अड़ गया और इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
गाली-गलौज के बाद मारपीट, कई बार जमीन पर पटकने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मदनलाल, उसके बेटों और अन्य परिजनों ने अमर सिंह को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि अमर सिंह को कई बार जमीन पर पटका गया। इससे वह अचेत होकर गिर पड़े। परिवार के लोग उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो गई।
शव ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर थाने पहुंचे परिजन
अमर सिंह की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजन उनका शव ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर सीधे फरीदपुर थाने पहुंच गए। थाने के गेट पर परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने लोगों को समझाकर वहां से हटाया और शव को ट्रॉली से उतरवाकर ई-रिक्शा के जरिए सीएचसी भेजा। इसके बाद पंचनामा भरकर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहरीर और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
फरीदपुर सीओ संदीप सिंह ने बताया कि मामला आपसी लड़ाई-झगड़े का है। प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर कोई गंभीर चोट दिखाई नहीं दे रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद उसी आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।