पोस्टर और भाषण प्रतियोगिता में दिखी रचनात्मकता, विजेता छात्राओं को प्रमाण-पत्र व स्मृति-चिह्न से किया सम्मानित
बरेली। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को द्रौपदी कन्या इंटर कॉलेज में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर पोस्टर एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। छात्राओं ने पोस्टरों और भाषणों के माध्यम से विकसित, स्वच्छ, शिक्षित और सशक्त भारत की अपनी कल्पनाओं को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
दीप प्रज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, शहर विधायक एवं राज्य मंत्री वन एवं पर्यावरण (स्वतंत्र प्रभार), विशिष्ट अतिथि जसवंत सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक बरेली तथा प्रधानाचार्या डॉ. रामश्री ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। प्रधानाचार्या ने अतिथियों का बैज लगाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
पोस्टरों में दिखे भारत को लेकर छात्राओं के सपने
पोस्टर प्रतियोगिता में छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वच्छता, विकास और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को अपनी कलाकृतियों में उकेरा। पोस्टरों में छात्राओं की कल्पनाशीलता और भारत के भविष्य को लेकर उनकी सोच दिखाई दी।
जूनियर वर्ग में एहसान जहरा अव्वल
पोस्टर प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में एहसान जहरा ने प्रथम, अक्सा ने द्वितीय और खदीजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर वर्ग में रानी प्रथम, रिषिका अग्रवाल द्वितीय और सोनाली गुप्ता तृतीय रहीं।
भाषण में अंशिका गंगवार ने बाजी मारी
भाषण प्रतियोगिता में छात्राओं ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर अपने विचार रखे। इसमें अंशिका गंगवार प्रथम, कुमारी खुशी मौर्य द्वितीय और एहसान जहरा तृतीय स्थान पर रहीं।
विजेताओं को प्रमाण-पत्र और स्मृति-चिह्न
प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को अतिथियों ने प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने छात्राओं के पोस्टरों का अवलोकन कर उनकी रचनात्मकता की सराहना की।
तुलसी के पौधे देकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्या डॉ. रामश्री ने अतिथियों, शिक्षिकाओं और छात्राओं का आभार व्यक्त किया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अतिथियों को तुलसी के पौधे भेंट किए गए। कार्यक्रम का संचालन आशा रानी एवं डॉ. नूतन दीक्षित ने किया।
विद्यालय परिवार के साथ गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में पार्षद प्रांजल गर्ग, मंडल अध्यक्ष टीबरी नाथ मंडल शिखा मेहरोत्रा, बूथ अध्यक्ष एवं उपमंत्री शिक्षक-अभिभावक संघ अभिषेक खन्ना, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता सुभाष गुप्ता, अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व महामंत्री अमरजीत सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष टीबरी नाथ मंडल मनोज कपूर, पूर्व पार्षद राजू मिश्रा, वरिष्ठ समाजसेवी रणधीर प्रसाद गौड़ समेत शहर के गणमान्य नागरिक और विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।