crimeमृतक का फाइल फोटो।

पीलीभीत। बरखेड़ा थाना क्षेत्र के सिसईया गांव में शनिवार शाम मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि दबंगों ने 38 वर्षीय संजय कुमार उर्फ छोटेलाल को पहले बाइक से खींचकर पीटा और बाद में घर के अंदर ले जाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। संजय को बचाने पहुंचीं परिवार की महिलाओं और दो नाबालिग बच्चियों को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा। गंभीर रूप से घायल संजय की जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी घरों में ताला लगाकर फरार हो गए। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

मृतक की बहन मंजू देवी के मुताबिक, शनिवार शाम करीब सात बजे संजय कुमार उर्फ छोटेलाल बाइक से पड़ोसी गांव भूड़ा जा रहे थे। सिसईया में कन्हई लाल के घर के सामने पहुंचते ही किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि कन्हई लाल और उसके परिजनों ने संजय को बाइक से खींच लिया। पहले थप्पड़ और लात-घूंसों से मारपीट की गई, इसके बाद उनकी बाइक भी अपने कब्जे में ले ली।

बाइक वापस मांगने पहुंचे तो दोबारा बोला हमला

मारपीट के बाद संजय किसी तरह अपने घर पहुंचे और परिजनों को घटना बताई। उस समय घर में कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था। परिवार की महिलाएं संजय को साथ लेकर बाइक वापस मांगने कन्हई लाल के घर पहुंचीं। आरोप है कि उन्हें देखते ही कन्हई लाल, उसका बेटा वीरपाल और अन्य लोग भड़क गए। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने संजय को जबरन खींचकर घर के अंदर कर लिया और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ प्रहार शुरू कर दिए। संजय को बचाने के लिए उनकी भतीजी और परिवार की अन्य महिलाएं आगे बढ़ीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई।

दो नाबालिग बच्चियां भी हुईं घायल

हमले के दौरान परिवार की दो नाबालिग बच्चियां भी घायल हो गईं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह संजय को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। परिजन संजय को घर लेकर पहुंचे तो उनकी हालत बिगड़ती चली गई और वह बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने संजय को मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

वारदात के बाद घरों पर ताले, आरोपी फरार

संजय की मौत की खबर फैलते ही गांव में तनाव बढ़ गया। आरोप है कि घटना के बाद हमलावर अपने घरों में ताला लगाकर फरार हो गए। हालात को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मृतक की पत्नी की ओर से पांच लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

डायल 112 पर भी उठे सवाल

परिजनों और ग्रामीणों ने डायल 112 की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची। इसी का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गए। हालांकि पुलिस पूरे घटनाक्रम और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में विवाद के पीछे शराब के नशे से जुड़ी बात भी सामने आई है। एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *