लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना शुरू, रोडवेज बसों में नहीं देना होगा किराया
रक्षाबंधन पर भी बहनों को सौगात, 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक फ्री सफर
बरेली में एक हजार महिलाओं को साड़ी-मिठाई, महिला पुलिसकर्मियों का भी हुआ सम्मान
बरेली,
उत्तर प्रदेश की महिलाओं को योगी सरकार ने रक्षाबंधन से पहले बड़ी सौगात दी है। 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र की महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित जुपिटर हॉल से ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ कर विशेष बसों को हरी झंडी दिखाई।
60 साल की उम्र पूरी होते ही रोडवेज का सफर मुफ्त
नई योजना के तहत प्रदेश में 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाएं रोडवेज बसों में नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी। सरकार ने इसे वरिष्ठ महिलाओं को सुरक्षित और सुगम परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। योजना के शुभारंभ के साथ ही महिलाओं को इसका लाभ मिलना शुरू हो गया है। रक्षाबंधन पर भी सरकार ने माताओं, बेटियों और बहनों के लिए मुफ्त बस यात्रा का ऐलान किया है। 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक महिलाएं एक सहयोगी के साथ नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी। इससे त्योहार पर अपने भाइयों और परिवार तक पहुंचने वाली महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी।
बरेली में लाइव हुआ मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का बरेली के आईएमए ऑडिटोरियम में सजीव प्रसारण किया गया। यहां वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष आंवला आदेश प्रताप सिंह और जिलाधिकारी अविनाश सिंह समेत जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
एक हजार महिलाओं को साड़ी और मिठाई
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी ने महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। करीब एक हजार महिलाओं को साड़ी और मिष्ठान वितरित किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी रही। समापन से पहले ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया गया।