बरेली। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले के सभी मतदेय स्थलों पर 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पात्र नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष जोर रहेगा। बुधवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।
बीएलओ और बीएलए मिलकर भरवाएंगे फॉर्म-6
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को सक्रिय करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि दोनों तिथियों पर बीएलए संबंधित मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर नए मतदाताओं के फॉर्म-6 भरवाने में सहयोग करें। बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) और बीएलए आपसी समन्वय से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करेंगे।
कोई पात्र मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रहे
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो। इसके लिए मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन रखना जरूरी है। उन्होंने राजनीतिक दलों और संबंधित अधिकारियों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की।
राजनीतिक दलों ने दिए सुझाव
बैठक के दौरान राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न सुझाव रखे। जिलाधिकारी ने इन पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।