बरेली। भारतीय सेना की वर्दी पहनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए इंतजार की घड़ी खत्म होने वाली है। 14 सितंबर से बरेली छावनी में अग्निवीर भर्ती का बड़ा मैदान सजने जा रहा है। जाट रेजिमेंट सेंटर में होने वाली भर्ती रैली में बरेली समेत यूपी के 12 जिलों के युवा अपना दमखम दिखाएंगे। लिखित परीक्षा का मैदान फतह कर चुके अभ्यर्थियों को अब शारीरिक और भर्ती प्रक्रिया की अगली कसौटियों से गुजरना होगा। रैली 30 सितंबर तक चलेगी।
सेना भर्ती कार्यालय बरेली की ओर से आयोजित रैली में बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, संभल, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, बलरामपुर, फर्रुखाबाद और श्रावस्ती के अभ्यर्थी पहुंचेंगे। यहां अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD), टेक्निकल और ट्रेड्समैन (8वीं और 10वीं पास) श्रेणी के लिए भर्ती होगी। भर्ती स्थल पर पहुंच जाने भर से किसी को मौका नहीं मिलेगा। केवल वही अभ्यर्थी रैली में शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने 1 से 12 जून 2026 के बीच हुई ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस परीक्षा (CEE) पास की है। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड पर दर्ज तारीख और समय पर ही जाट रेजिमेंट सेंटर पहुंचना होगा। भर्ती अधिसूचना में मांगे गए सभी मूल दस्तावेज भी साथ रखने होंगे।
14 सितंबर को टेक्निकल से खुलेगा भर्ती का मैदान
भर्ती का आगाज 14 सितंबर को अग्निवीर टेक्निकल से होगा। पहले दिन बरेली, बदायूं, फर्रुखाबाद, हरदोई और संभल के टेक्निकल अभ्यर्थियों की बारी होगी। 15 सितंबर को सीतापुर, पीलीभीत, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, शाहजहांपुर और लखीमपुर खीरी के टेक्निकल अभ्यर्थी मैदान में उतरेंगे। इसी दिन सभी संबंधित जिलों के ट्रेड्समैन 8वीं और 10वीं पास अभ्यर्थियों की भर्ती भी होगी।
16 सितंबर से जीडी की दौड़, जिलेवार तय हुआ दिन
अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए 16 सितंबर को लखीमपुर खीरी और बहराइच के युवाओं की बारी होगी। 17 सितंबर को बलरामपुर, श्रावस्ती, सीतापुर और हरदोई की बिलग्राम तहसील, जबकि 18 सितंबर को हरदोई जिले के अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे। 19 सितंबर को संभल और 20 सितंबर को शाहजहांपुर के युवाओं का नंबर आएगा। 21 सितंबर को पीलीभीत और फर्रुखाबाद की कायमगंज तहसील के अभ्यर्थियों को बुलाया गया है।
23 सितंबर से बदायूं, फिर बरेली के युवाओं की बारी
22 सितंबर को फर्रुखाबाद जिले की निर्धारित तहसीलों के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। इसके बाद 23 सितंबर को बदायूं की बिल्सी, बदायूं, दातागंज और सहसवान तहसील के युवा मैदान में उतरेंगे। 24 सितंबर को बदायूं की बिसौली तहसील के साथ बरेली की मीरगंज, नवाबगंज और बहेड़ी तहसील के युवाओं की बारी आएगी।
बरेली के युवाओं के लिए 25 सितंबर का दिन खास
25 सितंबर को बरेली जिले की फरीदपुर, बरेली और आंवला तहसील के अग्निवीर जनरल ड्यूटी अभ्यर्थी सेना में जगह बनाने के लिए जोर लगाएंगे। यानी बरेली जिले के जीडी अभ्यर्थियों के लिए 24 और 25 सितंबर दो अहम तारीखें रहेंगी। वहीं अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल (SKT) के अभ्यर्थियों की भर्ती इस रैली में नहीं होगी। इनके लिए अलग भर्ती रैली 5 अक्टूबर 2026 को रुड़की स्थित BEG सेंटर में आयोजित की जाएगी।
दलाल के चक्कर में पड़े तो पैसा भी जाएगा, मौका भी
सेना ने भर्ती से पहले युवाओं को दलालों और बिचौलियों से सतर्क रहने को कहा है। पूरी भर्ती प्रक्रिया योग्यता के आधार पर होगी और कोई व्यक्ति पैसे लेकर किसी अभ्यर्थी का चयन नहीं करा सकता। ऐसे में सेना में भर्ती कराने का दावा करने वाले किसी एजेंट या बिचौलिए को पैसा देने से बचने की सलाह दी गई है।