बरेली। नवरात्रि और दशहरा पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए एफएसडीए की टीम ने गुरुवार को शहर में बड़ी कार्रवाई की। टीम ने ब्लिंकिट, जेप्टो और बिग बास्केट समेत आठ ई-कॉमर्स स्टोरों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। निरीक्षण के दौरान कई स्टोरों पर गंदगी और खाद्य सुरक्षा मानकों में खामियां मिलने से हड़कंप मच गया। तीन स्टोरों को सुधार नोटिस जारी करने की संस्तुति की गई है।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह व सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय राहुल सिंह के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के नेतृत्व में गुरुवार को विशेष अभियान चलाया गया। टीम ने सिविल लाइंस, रामपुर गार्डन और सुर्ख छावनी स्थित ब्लिंकिट स्टोर, महानगर, ग्रीन पार्क और रामपुर गार्डन स्थित जेप्टो स्टोर के अलावा सिविल लाइंस स्थित बिग बास्केट समेत कुल आठ स्टोरों का निरीक्षण किया।
कुट्टू के आटे से लेकर सेंधा नमक तक के नमूने भरे
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संदेह के आधार पर कुट्टू के आटे के दो, मूंगफली के दानों के दो तथा सिंघाड़े के आटे, साबूदाना और सेंधा नमक के नमूने एकत्र किए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गंदे मिले वॉशरूम और फर्श
छापेमारी के दौरान कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा संबंधी खामियां सामने आईं। कुछ स्टोरों पर कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं किए गए। वहीं, वॉशरूम और फर्श गंदे पाए गए। कीट नियंत्रण (पेस्ट कंट्रोल) की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। इसके अलावा उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की जरूरत बताई गई। इन कमियों के आधार पर तीन ई-कॉमर्स स्टोरों को सुधार नोटिस जारी करने की संस्तुति की गई है।
मिठाई की दुकानों पर भी जांच शुरू
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई विक्रेताओं के यहां भी निरीक्षण शुरू कर दिया है। दुकानों पर बिक्री के लिए प्रदर्शित मिठाइयों पर ‘यूज बाय डेट’ यानी उपयोग की अंतिम तिथि अंकित करने संबंधी आदेश का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।