बरेली। फरीदपुर थाना पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान एक युवक को अवैध असलहों और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर दो अवैध तमंचे, 16 जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में उसने पुरानी रंजिश, अपनी सुरक्षा और खेतों की रखवाली के लिए अवैध हथियार रखने की बात स्वीकार की है।
मुखबिर की सूचना पर ट्यूबवेल से पकड़ा आरोपी
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर की रात फरीदपुर थाना पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ग्राम सारीपुर की ओर जाने वाली कच्ची चकरोड के पास स्थित एक ट्यूबवेल पर पहुंची। वहां से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रेमपाल पुत्र नत्थू सिंह निवासी ग्राम खनपुरा, थाना फरीदपुर बताया। उसकी उम्र करीब 30 वर्ष है। पुलिस ने तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा और सात जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने ट्यूबवेल के अंदर भी हथियार और कारतूस छिपाकर रखने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर ट्यूबवेल की तलाशी ली, जहां से एक और अवैध तमंचा, नौ जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए।
शौक और सुरक्षा के लिए रखता था तमंचे
पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रेमपाल ने बताया कि वह शानो-शौकत के लिए अपने पास तमंचे रखता था। उसका कई लोगों से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद चल रहा है और इस संबंध में मुकदमे भी दर्ज हैं। इसी कारण वह अपनी सुरक्षा के लिए हथियार रखता था। आरोपी ने यह भी बताया कि वह अपने खेतों की रखवाली करता है। आवारा पशुओं और जंगली जानवरों को खेतों से भगाने के लिए कभी-कभी हवाई फायरिंग भी कर देता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बिना लाइसेंस के चोरी-छिपे हथियार और कारतूस रखने की बात स्वीकार की है।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, प्रेमपाल के खिलाफ फरीदपुर थाने में पहले से दो अन्य मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी देने समेत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं से संबंधित मामले शामिल हैं। अब अवैध हथियारों की बरामदगी के मामले में पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में रिपोर्ट दर्ज की है।
दो तमंचे और 18 कारतूस बरामद
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर कुल दो अवैध तमंचे, 16 जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। बरामद हथियारों और कारतूसों को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अमित पाण्डेय, उपनिरीक्षक लोकेश तोमर, कांस्टेबल अमित कुमार, विक्रांत और रोहित कुमार शामिल रहे।