बरेली। नगरिया सादात रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार सुबह बरेली से दिल्ली की ओर जा रहा बिहार का एक युवक गुगई रेल फाटक के पास चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर मीरगंज थाना पुलिस और जीआरपी पहुंची। पहचान के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक की पहचान चंदन यादव पुत्र संजय यादव, निवासी सोनबरसा, जिला गोपालगंज, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक चंदन शुक्रवार सुबह बरेली से दिल्ली की ओर ट्रेन से सफर कर रहा था। नगरिया सादात स्टेशन के गुगई रेल फाटक के पास पहुंचते ही वह अचानक ट्रेन से नीचे गिर गया।
गंभीर चोटों ने ली जान
चलती ट्रेन से गिरने के कारण चंदन को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसा देखकर आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मीरगंज थाना पुलिस और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।
परिजनों को दी हादसे की सूचना
पुलिस ने मृतक की पहचान कराने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की सूचना बिहार में रहने वाले उसके परिजनों को भी दे दी गई है। सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया। मीरगंज इंस्पेक्टर रवि कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेन से गिरने के कारण युवक की मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।