bareillyअधिकारियों के साथ बैठक करते कमिश्नर शंभू कुमार।

बरेली। लगातार बारिश और बाढ़ के खतरे के बीच कमिश्नर शम्भू कुमार ने सोमवार को बरेली मंडल के चारों जिलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने बारिश से प्रभावित लोगों तक राहत और बचाव कार्य तत्काल पहुंचाने के निर्देश दिए। समीक्षा में स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बढ़ाने वाले आंकड़े सामने आए। मंडल में डेंगू की 9,815 जांच में 37 मरीज पॉजिटिव मिले हैं। वहीं बरेली के मझगवां ब्लॉक के नौरा हसनपुर और बदायूं के जगत ब्लॉक में मलेरिया के अधिक मामले सामने आए हैं।

विकास भवन सभागार में हुई मंडलीय समीक्षा बैठक में बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं के अधिकारी शामिल हुए। कमिश्नर ने सबसे पहले बाढ़ और बारिश से उत्पन्न हालात की समीक्षा की। उन्होंने जिलाधिकारियों से कहा कि प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। कमिश्नर ने कहा कि लगातार बारिश का पूर्वानुमान मिलने पर गोवंश को खुले में नहीं छोड़ा जाए। समीक्षा में सामने आया कि गोवंश की संख्या के मुकाबले शेड की संख्या कम है। इस पर अतिरिक्त शेड बनवाने के निर्देश दिए गए। बदायूं में उसहैत और चंदनपुर तटबंध पर काम चल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में कटान की स्थिति नहीं है।

मंडल में 336 गांवों की वीडीपी लंबित

पंचायत विभाग की समीक्षा में उप निदेशक पंचायत ने बताया कि मंडल में 336 गांवों की वीडीपी लंबित है। चारों जिलों में कुल 600 डिजिटल लाइब्रेरी हैं। मंडल में 15 पंचायत उत्सव भवन तैयार किए जा रहे हैं। इनमें बरेली में छह, बदायूं में एक, पीलीभीत में तीन और शाहजहांपुर में पांच भवन शामिल हैं। तालाबों और अन्य स्रोतों के पट्टे व नीलामी से ग्राम निधि की आय बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। भोजीपुरा में तीन स्थानों पर काम चलने की जानकारी दी गई। वहीं कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान फार्मर रजिस्ट्री और उर्वरकों की उपलब्धता पर चर्चा हुई। बैठक में बताया गया कि रासायनिक उर्वरक का लक्ष्य 27,660 है, जबकि उपलब्धता 57,983 दर्ज की गई। इसमें से 17,919 का वितरण किया जा चुका है और 40,064 अवशेष है। मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

9,815 डेंगू जांच में 37 पॉजिटिव

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में आयुष्मान भारत योजना और गोल्डन कार्ड की प्रगति देखी गई। मंडलायुक्त ने सेवा संकल्प अभियान के तहत पात्र राशन कार्ड धारकों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। जननी सुरक्षा योजना में मंडल के 82 प्रतिशत लाभार्थियों को भुगतान किया जा चुका है। शाहजहांपुर की प्रगति अपेक्षाकृत कम मिलने पर सुधार के निर्देश दिए गए। संचारी रोगों की समीक्षा में बरेली के मझगवां ब्लॉक के गांव नौरा हसनपुर और बदायूं के जगत ब्लॉक में मलेरिया के अधिक मामले मिलने की जानकारी सामने आई। मंडल में डेंगू की 9,815 स्क्रीनिंग में 37 लोग पॉजिटिव मिले हैं। शाहजहांपुर में डेंगू की स्क्रीनिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

सीएम डैशबोर्ड की खराब रैंकिंग पर भी समीक्षा

बैठक में पीएम सूर्यघर योजना की प्रगति भी देखी गई। सहकारिता विभाग को जारी आरसी की वसूली पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। सीएम डैशबोर्ड पर चारों जिलों के कमजोर पैरामीटर की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रदर्शन सुधारने के निर्देश दिए गए। बैठक में बरेली डीएम अविनाश सिंह, पीलीभीत डीएम आलोक कुमार, शाहजहांपुर डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह, बदायूं डीएम अवनीश राय, बरेली सीडीओ देवयानी समेत चारों जिलों के मुख्य विकास अधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *