बरेली। जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने बरेली जंक्शन पर जहरखुरानी और चोरी के मामले में एक पुरुष और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, उनके पास से अल्प्राजोलम की 99 गोलियां और करीब 20 हजार रुपये कीमत का सामान बरामद हुआ है।
बुजुर्ग महिला को नशीला पदार्थ देने का आरोप
बदायूं निवासी जवाहरलाल ने जीआरपी में शिकायत दी थी कि आठ अक्टूबर को उनकी सास गर्जिया देवी अपने दस वर्षीय नाती राहुल के साथ प्लेटफार्म नंबर चार पर गाजीपुर जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रही थीं। आरोप है कि इस दौरान एक पुरुष और दो महिलाओं ने उनसे जान-पहचान बढ़ाई और खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर दे दिया। महिला के अचेत होने पर उनका बैग, मोबाइल, चांदी की पायल, नाक का बूंदा और 750 रुपये के साथ बच्चे की घड़ी व चश्मा गायब हो गए।
चोरी के सामान के साथ गिरफ्तारी
जीआरपी ने नौ अक्टूबर को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। दस अक्टूबर को पुलिस टीम ने प्लेटफार्म नंबर चार से सलीम उर्फ राजू, शबनम और आफरीन को गिरफ्तार किया। तलाशी में नशीली गोलियों के अलावा कीपैड मोबाइल, चांदी की पायल, घड़ी, नाक का बूंदा, नकदी, पर्स, कपड़ों से भरा बैग और चश्मा बरामद किया गया। पुलिस ने कैंची, कटर प्लास और चाकू मिलने की भी जानकारी दी है।
एनडीपीएस एक्ट की धाराएं भी जोड़ीं
पुलिस के अनुसार, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच और मामले की विवेचना जारी है। संयुक्त टीम में जीआरपी निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार, आरपीएफ निरीक्षक मयंक चौधरी और सीआईबी उपनिरीक्षक लवकुश कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।