बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र के नवदिया गांव में रविवार सुबह 26 वर्षीय फैजान का शव घर में फंदे से लटका मिला। करीब एक महीने पहले ही उसने जास्मीन से प्रेम विवाह किया था। निकाह के बाद से दोनों परिवार से अलग रह रहे थे। पत्नी का कहना है कि प्रेम विवाह के चलते फैजान के परिवार के लोग उससे संबंध रखने से इनकार कर रहे थे, जिससे वह तनाव में था।

सुबह उठी पत्नी तो सामने था पति का शव

जास्मीन के मुताबिक, शनिवार रात फैजान खाना खाने के बाद सो गए थे। सुबह जब उसकी आंख खुली तो फैजान का शव पंखे से लटका मिला। उसने तुरंत मायके और ससुराल पक्ष के लोगों को सूचना दी। परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।

परिजनों ने जताई आशंका, लगाए गंभीर आरोप

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फैजान के परिजनों ने शव के सिर से खून निकलने की बात कहते हुए कुछ गंभीर आरोप लगाए हैं। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।

प्रेम विवाह के बाद परिवार से बना था फासला

जास्मीन का कहना है कि प्रेम विवाह के कारण फैजान के परिवार के लोग उससे संबंध नहीं रखना चाहते थे। इसी बात को लेकर फैजान परेशान रहता था। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

अस्पताल में वार्ड ब्वॉय था फैजान

फैजान दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। वह एक निजी अस्पताल में वार्ड ब्वॉय का काम करता था। बेटे की मौत के बाद उसकी मां जीनत निशा का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *