मथुरा। वृंदावन स्थित संत प्रेमानंद गोविंद शरण महाराज के केली कुंज आश्रम से 17 वर्षीय किशोर के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोर के परिजनों ने आश्रम प्रबंधन पर सही जानकारी नहीं देने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को परिजनों ने अन्य लोगों के साथ आश्रम के बाहर प्रदर्शन कर किशोर का पता लगाने की मांग की।
हाथरस जिले के सादाबाद निवासी राजवीर चौधरी के मुताबिक, उनका 17 वर्षीय बेटा अनुज 25 सितंबर को एक शिष्य द्वारा कथित रूप से खुदकुशी किए जाने की घटना के बाद चर्चा में आया। राजवीर ने बताया कि अनुज ने 26 जून को केली कुंज आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी। इसके बाद वह घर लौट आया था।
3 जुलाई को दोबारा पहुंचा था आश्रम
परिजनों के अनुसार, अनुज तीन जुलाई को संत प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लेने के लिए फिर आश्रम गया था। उसके पास तीन पुस्तकें और तुलसी की एक माला थी। इसके बाद से परिवार का उससे संपर्क नहीं हो सका। परिजनों का आरोप है कि आश्रम प्रबंधन न तो उन्हें आश्रम में प्रवेश करने दे रहा है और न ही अनुज के बारे में स्पष्ट जानकारी दे रहा है।
आश्रम के बाहर परिजनों का प्रदर्शन
25 सितंबर को केली कुंज में एक शिष्य की कथित खुदकुशी की घटना सामने आने के बाद अनुज के परिजन चिंतित हो गए। शुक्रवार को उन्होंने गांव के अन्य लोगों के साथ आश्रम के बाहर पहुंचकर प्रदर्शन किया और किशोर की तलाश कर सही जानकारी देने की मांग की।
सादाबाद थाने में दर्ज है गुमशुदगी
वृंदावन पुलिस क्षेत्राधिकारी संदीप कुमार सिंह के मुताबिक, पुलिस को शुक्रवार दोपहर मामले की जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि अनुज के माता-पिता ने पांच जुलाई को हाथरस के सादाबाद थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि अनुज कोचिंग के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद आश्रम प्रबंधन से भी जानकारी ली गई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि अनुज ने 26 जून को आश्रम में दीक्षा ली थी, लेकिन इसके बाद वह वहां लगातार नहीं रहा। पुलिस ने परिजनों को जांच और अब तक सामने आई जानकारी से अवगत कराया है।