UP NEWSAI चित्र।

बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में पुलिस की जांच और शव की पहचान को लेकर चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने जिस युवक को मृत मानकर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया, वही युवक शनिवार सुबह अचानक जिंदा घर पहुंच गया। उसे सामने देखकर परिवार के लोग हैरान रह गए। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस शव का पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार कराया गया, वह आखिर किसका था।

मामला इज्जतनगर थाना क्षेत्र के अहिलादपुर चौकी क्षेत्र का है। शुक्रवार दोपहर बोझीपुरा क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के नजदीक एक अज्ञात युवक का शव मिला था। पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मसाराम का बेटा केशव कुमार लापता है। पुलिस ने मसाराम से संपर्क कर शव की पहचान कराई। पिता ने शव को अपने बेटे केशव का बताया। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने भी शव को केशव मानकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया।

शनिवार सुबह जिंदा घर पहुंच गया केशव

मामले में हैरान करने वाला मोड़ शनिवार सुबह आया। जिस केशव को मृत मानकर परिवार अंतिम संस्कार कर चुका था, वह अचानक अपने घर पहुंच गया। केशव को जिंदा देखकर परिवार और आसपास के लोग हैरत में पड़ गए। सूचना पुलिस तक पहुंची तो पुलिसकर्मी भी सकते में आ गए।

अब उस शव की पहचान बनी चुनौती

केशव के जिंदा लौटने के बाद अब उस युवक की पहचान का सवाल खड़ा हो गया है, जिसके शव को केशव समझकर पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस अब मृत युवक की वास्तविक पहचान पता लगाने में जुटी है। बताया गया है कि मसाराम के दो बेटे मानसिक रूप से कमजोर हैं और अक्सर घर से निकल जाते हैं। शुक्रवार को केशव भी घर से निकला था। इसी बीच अज्ञात शव मिलने और पहचान में हुई चूक से पूरा मामला उलझ गया। पुलिस का कहना है कि अब मृत युवक की वास्तविक पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *