sमौके पर परिजनो के साथ पहुंची डॉ. बुशरा

बरेली। मंडप सज चुका था, मेहमान पहुंच चुके थे और शादी का खाना भी तैयार था। बस बारात आने वाली थी। तभी पहली पत्नी अचानक शादी वाले घर पहुंच गई। उसने खुद को डॉक्टर की पत्नी बताते हुए हंगामा कर दिया। इसके बाद शादी की सारी तैयारियां धरी रह गईं और दूल्हा बने डॉक्टर साहब बारात लेकर मौके पर ही नहीं पहुंचे। आरोप है कि पहली शादी खत्म किए बिना ही डॉक्टर दूसरी शादी करने की तैयारी में थे और दूसरी तरफ उनकी पहली पत्नी को मरा हुआ बताया गया था।

मामला बारादरी थाना क्षेत्र के सूफी टोला निवासी निजी चिकित्सक डॉ. बुशरा फरहत अंसारी से जुड़ा है। डॉ. बुशरा का आरोप है कि उनके पति बदायूं जिले के एक सरकारी अस्पताल में एमओआईसी के पद पर तैनात हैं। आरोप है कि पति नवाबगंज की एक युवती से दूसरी शादी करने की तैयारी में थे। डॉ. बुशरा के मुताबिक पति के दूसरी युवती से संबंधों को लेकर पहले भी दोनों के बीच विवाद होता रहा था। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि पति नवाबगंज में दूसरी शादी करने की तैयारी कर रहे हैं। जानकारी मिलते ही वह शादी वाले घर पहुंच गईं।

डॉ. बुशरा फरहत अंसारी और उनका पति

मेहमान पहुंचे, खाना तैयार… तभी पहुंच गई पहली पत्नी

शादी वाले घर में उस समय पूरा इंतजाम हो चुका था। मेहमान पहुंच चुके थे और खाना भी तैयार था। घर में शादी का माहौल था। इसी बीच डॉ. बुशरा ने वहां पहुंचकर खुद को डॉक्टर की पत्नी बताते हुए शादी का विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद मौके पर हंगामा खड़ा हो गया। डॉ. बुशरा का आरोप है कि युवती के परिवार को यह बताया गया था कि डॉक्टर की पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। लेकिन जिस महिला को कथित तौर पर ‘मृत’ बताया गया था, वही शादी वाले घर में अचानक जिंदा सामने पहुंच गई। इसके बाद शादी की तैयारियों के बीच हड़कंप मच गया।

बारात लेकर नहीं पहुंचे डॉक्टर साहब

मामले की जानकारी डॉक्टर तक पहुंची तो स्थिति और बिगड़ गई। खास बात यह रही कि शादी के लिए बारात लेकर डॉक्टर मौके पर पहुंचे ही नहीं। उधर शादी वाले घर में मेहमान मौजूद रहे और दूल्हे का इंतजार होता रहा, लेकिन पहली पत्नी के पहुंचने के बाद शादी टल गई। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शादी की तैयारियां रुकवा दीं। पुलिस युवती को थाने ले गई। बाद में परिजनों के समझाने पर युवती ने कहा कि जब तक डॉक्टर और उनकी पहली पत्नी के बीच तलाक नहीं हो जाता, तब तक वह डॉक्टर से दूरी बनाए रखेगी।

एमओआईसी डॉक्टर पर उठे गंभीर सवाल

थाना प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शादी की तैयारियां रुकवा दी गई हैं। युवती ने भी डॉक्टर से दूरी बनाए रखने की बात कही है। वहीं, पूरे मामले ने सरकारी अस्पताल के जिम्मेदार पद पर तैनात डॉक्टर की भूमिका को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहली शादी कायम होने के बावजूद दूसरी शादी की तैयारी क्यों की जा रही थी और पहली पत्नी को कथित तौर पर मृत बताने की बात किसने और क्यों कही, यह अब जांच का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *