बेंगलुरु। दलीप ट्रॉफी 2026 के क्वार्टर फाइनल में ईशान किशन की कप्तानी वाली ईस्ट जोन ने एकतरफा जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया। बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेले गए मुकाबले में ईस्ट जोन ने महज तीन दिन के भीतर नॉर्थ ईस्ट जोन को पारी और 210 रन के विशाल अंतर से शिकस्त दी। अब सेमीफाइनल में ईस्ट जोन की टक्कर सेंट्रल जोन से होगी।

467 रन के जवाब में दोनों पारियां मिलाकर भी 257 तक पहुंचा नॉर्थ ईस्ट

ईस्ट जोन ने पहली पारी में 467 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी। जवाब में नॉर्थ ईस्ट जोन की बल्लेबाजी बुरी तरह लड़खड़ा गई और पूरी टीम पहली पारी में महज 111 रन पर सिमट गई। दूसरी पारी में भी हालात नहीं बदले और टीम 146 रन ही बना सकी।

दूसरी पारी में अनुकूल रॉय का पंजा

फॉलोऑन खेलने उतरे नॉर्थ ईस्ट जोन को शुरुआत से ही झटके लगने लगे। सलामी बल्लेबाज अर्पित सुबाष भटेवारा सिर्फ एक रन बनाकर मुकेश कुमार का शिकार बने। जोसेफ लालथम्कुमा भी 44 गेंदों का सामना करने के बावजूद केवल नौ रन बना सके। 90 रन तक पहुंचते-पहुंचते नॉर्थ ईस्ट के आठ बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद आकाश चौधरी और फेरोइजम जोतिन ने नौवें विकेट के लिए 39 रन जोड़कर कुछ संघर्ष दिखाया। जोतिन ने टीम की ओर से सर्वाधिक 39 रन बनाए, जिसमें चार चौके और दो छक्के शामिल रहे। हालांकि पूरी टीम 146 रन पर ढेर हो गई।

अनुकूल ने पांच विकेट लेकर तोड़ी कमर

ईस्ट जोन की जीत में बाएं हाथ के स्पिनर अनुकूल रॉय ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने दूसरी पारी में पांच बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। वैभव सूर्यवंशी ने भी दो विकेट अपने नाम किए। अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को दूसरी पारी में कोई सफलता नहीं मिली। उन्होंने पांच ओवर में सिर्फ 10 रन खर्च किए।

शाहबाज अहमद ने 167 रन ठोके, गेंद से भी दिखाया कमाल

मुकाबले के हीरो ऑलराउंडर शाहबाज अहमद रहे। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे शाहबाज ने 167 रनों की शानदार पारी खेलकर ईस्ट जोन को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। उनकी पारी में 17 चौके और चार छक्के शामिल रहे। शाहबाज ने सिर्फ बल्ले से ही नहीं, गेंद से भी नॉर्थ ईस्ट को परेशान किया। उन्होंने पहली पारी में तीन और दूसरी पारी में एक विकेट लेकर मैच में कुल चार विकेट हासिल किए। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

अब सेंट्रल जोन से होगी फाइनल के टिकट की जंग

क्वार्टर फाइनल में बड़ी जीत के साथ ईस्ट जोन ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। 30 अगस्त से शुरू होने वाले सेमीफाइनल में उसका सामना सीधे अंतिम चार में जगह पाने वाली सेंट्रल जोन से होगा। ईस्ट जोन जिस अंदाज में क्वार्टर फाइनल जीता है, उससे सेमीफाइनल मुकाबला बेहद दिलचस्प होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *