ड्रॉपडाउन सूची उपलब्ध कराने की भी मांग, पिछड़े वर्ग को सही आंकड़े नहीं मिलने पर जताई चिंता
बरेली। जनगणना 2027 के फार्म में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए अलग कॉलम जोड़ने और नागरिकों को जातियों की पहले से निर्धारित ड्रॉपडाउन सूची उपलब्ध कराने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी, बरेली पिछड़ा वर्ग विभाग की ओर से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और जिलाधिकारी बरेली को ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में जातिगत जनगणना के आंकड़ों को सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया गया।
जिला कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग के जिलाध्यक्ष बंशीधर गंगवार की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि ओबीसी वर्ग की लंबे समय से जातिगत जनगणना की मांग रही है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान सरकार की ओर से वर्ष 2027 में ओबीसी वर्ग की जनगणना कराने की बात कही गई थी, लेकिन 14 अगस्त 2026 को जारी जनगणना संबंधी सूचना में ओबीसी का अलग कॉलम शामिल नहीं किया गया।
ओपन-एंडेड व्यवस्था पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में जाति दर्ज करने के लिए ओपन-एंडेड व्यवस्था अपनाए जाने पर भी सवाल उठाया। उनका कहना है कि यदि नागरिकों द्वारा अपनी-अपनी जाति अलग-अलग तरीके से दर्ज कराई जाती है और पहले से निर्धारित जातियों की सूची प्रगणकों के माध्यम से उपलब्ध नहीं कराई जाती, तो समान जातियों के नाम अलग-अलग रूपों में दर्ज होने की आशंका रहेगी। ज्ञापन में कहा गया कि इससे जातियों के आंकड़ों का वास्तविक संकलन प्रभावित हो सकता है और बड़ी संख्या में जाति-नाम अलग-अलग रूप में दर्ज होने से पिछड़े एवं अन्य वंचित वर्गों की वास्तविक आबादी का सही आकलन करना मुश्किल हो सकता है।
सही आंकड़ों को बताया प्रतिनिधित्व का आधार
कांग्रेस ने कहा कि शिक्षा, रोजगार, राजनीति, सामाजिक भागीदारी और आर्थिक स्थिति में आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए सबसे पहले सही जातिगत आंकड़े उपलब्ध होना जरूरी है। पार्टी ने मांग की कि जनगणना 2027 के फार्म में ओबीसी के लिए स्पष्ट कॉलम जोड़ा जाए तथा प्रगणकों के माध्यम से नागरिकों को पहले से निर्धारित जातियों की सूची अथवा ड्रॉपडाउन सूची उपलब्ध कराई जाए। ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति और जिलाधिकारी से मामले में उचित कदम उठाने तथा जातिगत जनगणना की मांग पर गंभीरता से विचार करने का अनुरोध किया गया।