लापरवाही पर भड़के जिलाधिकारी, समय-सारिणी का कड़ाई से पालन करने के निर्देश
बरेली, 15 सितंबर। शैक्षिक सत्र 2026-27 में छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ समय से दिलाने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में छात्रवृत्ति प्रक्रिया, मास्टर डाटा अपडेट, ऑनलाइन आवेदन, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण और संस्थान स्तर पर सत्यापन की प्रगति पर विस्तार से मंथन किया गया।
83 विद्यालयों का डाटा अपडेट नहीं, सामने आई बड़ी लापरवाही
समीक्षा के दौरान छात्रवृत्ति के लिए मास्टर डाटा प्रोफाइल अपडेशन में कई विद्यालयों की लापरवाही सामने आई। पूर्वदशम छात्रवृत्ति के लिए जिले के 457 विद्यालयों में से 445 ने प्रोफाइल अपडेट का काम पूरा कर लिया है, जबकि दशमोत्तर छात्रवृत्ति के 304 विद्यालयों में से 280 ने ही अपना डाटा अपडेट किया है। इस तरह दशमोत्तर स्तर पर अभी 24 विद्यालयों का काम बाकी है।
उच्च कक्षाओं में सबसे ज्यादा सुस्ती, 261 में सिर्फ 214 ने किया अपडेट
दशमोत्तर उच्च कक्षाओं में स्थिति और गंभीर मिली। कुल 261 विद्यालयों में केवल 214 विद्यालयों ने प्रोफाइल अपडेट किया है। यानी बड़ी संख्या में संस्थानों का डाटा अभी प्रक्रिया में है। प्रशासन ने शेष संस्थानों को जल्द से जल्द औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि छात्रवृत्ति वितरण की प्रक्रिया प्रभावित न हो।
बंद विद्यालय और शून्य नामांकन बना अपडेशन में अड़ंगा
विभागीय समीक्षा में सामने आया कि शेष विद्यालयों में डाटा अपडेशन पूरा नहीं होने के पीछे कई संस्थानों का बंद हो जाना तथा कुछ स्थानों पर छात्र नामांकन नहीं होना प्रमुख कारण है। विभाग ने संबंधित विद्यालयों को स्थिति स्पष्ट करने और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
छात्रवृत्ति के लिए तीन चरणों में चलेगी पूरी प्रक्रिया
उत्तर प्रदेश सरकार ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए पूर्वदशम कक्षा 9-10 तथा दशमोत्तर कक्षा 11-12 और उच्च कक्षाओं के छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति कार्यक्रम का समय निर्धारित किया है। प्रक्रिया में संस्थानों का मास्टर डाटा तैयार करने से लेकर ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेजों की जांच, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण और डाटा सत्यापन तक कई चरण शामिल हैं।
21 सितंबर तक Fresh छात्रों के आवेदन, 25 अगस्त तक Renewal
कक्षा 9 से 12 तक नवीनीकरण वाले विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन 11 से 25 अगस्त 2026 तक किए जाने थे, जबकि नवीन विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 21 सितंबर 2026 निर्धारित है। आवेदन के बाद विद्यार्थियों को उसकी हार्डकॉपी आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करना अनिवार्य होगा।
15 अक्टूबर तक संस्थान करेंगे आवेदनों का सत्यापन
नवीन छात्रों के आवेदनों का संस्थान स्तर से सत्यापन एवं अग्रसारण 13 अगस्त से 15 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। वहीं उच्च कक्षाओं में कक्षा 11-12 को छोड़कर नवीनीकरण वाले विद्यार्थियों के आवेदन 15 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक भरे जाएंगे।
बायोमेट्रिक से लेकर उपस्थिति तक होगी कड़ी जांच
शिक्षण संस्थानों को छात्रों का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, प्राप्तांक, पूर्णांक और उपस्थिति दर्ज करने के साथ अपात्र विद्यार्थियों का डाटा निरस्त करना होगा। पात्र छात्रों के डाटा का सत्यापन कर उसे आगे भेजने की प्रक्रिया 15 सितंबर से 25 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित की गई है।
Fresh छात्रों के लिए 31 अक्टूबर तक आवेदन का मौका
कक्षा 11-12 को छोड़कर अन्य कक्षाओं के नवीन छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन आवेदन तथा उसकी हार्डकॉपी संस्थान में जमा करने की अवधि 15 सितंबर से 31 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित की गई है। इसके बाद संस्थान स्तर पर नवीन छात्रों का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण और डाटा सत्यापन 16 सितंबर से 10 नवंबर 2026 तक किया जाएगा।
अल्पसंख्यक संस्थानों की मार्किंग भी समयबद्ध
अल्पसंख्यक वर्ग के निजी क्षेत्र के संस्थानों की मार्किंग का कार्य एनपीसीआई पोर्टल पर 23 जुलाई से 14 सितंबर 2026 के बीच किया जाना है। बैठक में छात्रवृत्ति से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया गया।
अफसर और विद्यालय प्रबंधक गैरहाजिर, डीएम नाराज
बैठक में अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधकों की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्रवृत्ति जैसी महत्वपूर्ण योजना में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित संस्थानों को निर्धारित समय-सारिणी का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए, ताकि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ समय से मिल सके।