bareillyपुलिस ने सकुशल बरामद किया बच्चा।

बरेली। कुतुबखाना स्थित एसबीआई परिसर से बुधवार को चार साल का बच्चा अचानक लापता हो गया। कुछ ही देर में बच्चा आंखों से ओझल हुआ तो परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। बैंक परिसर और आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद परिजन कुतुबखाना पुलिस चौकी पहुंचे। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस हरकत में आई और तलाश शुरू कर बच्चे को सकुशल खोज निकाला।

पुलिस के मुताबिक, बुधवार को एक व्यक्ति अपने करीब चार वर्षीय बेटे के साथ कुतुबखाना स्थित एसबीआई परिसर में आया था। इसी दौरान बच्चा अचानक लापता हो गया। पिता ने पहले बैंक परिसर और आसपास उसकी तलाश की। बच्चा नहीं मिला तो उन्होंने कुतुबखाना पुलिस चौकी पहुंचकर मामले की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही तलाश में जुटी पुलिस

चार साल के बच्चे के लापता होने की सूचना पर चौकी पुलिस ने तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद कोतवाली पुलिस की टीम ने आसपास के इलाके में बच्चे की तलाश शुरू कर दी। उपलब्ध संसाधनों की मदद से भी बच्चे के बारे में जानकारी जुटाई गई। पुलिस के प्रयास के बाद बच्चा सकुशल मिल गया।

बच्चे को देखते ही परिजनों ने ली राहत की सांस

आवश्यक सत्यापन के बाद पुलिस ने बच्चे को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चे को सकुशल देखकर परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस के मुताबिक, तलाश करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अनूप सिंह, हेड कांस्टेबल तस्बीरुल हसन और कांस्टेबल मनीष कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *