bareillyवायरल वीडियो से लिये गये क्लिप।

बरेली। बरेली जंक्शन पर टैक्सियों के अवैध संचालन को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। आरोप है कि उत्तराखंड नंबर की टैक्सियां बिना जरूरी परमिट के जंक्शन से सवारियां भर रही हैं। इसे लेकर स्थानीय टैक्सी चालकों और बाहर से आने वाले चालकों के बीच कई बार कहासुनी और झगड़ा हो चुका है। मारपीट का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके बावजूद परिवहन विभाग और पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही है।

स्थानीय टैक्सी चालकों का आरोप है कि उत्तराखंड नंबर की टैक्सियां यात्रियों को लेकर बरेली आती हैं, लेकिन लौटते समय जंक्शन और आसपास से नई सवारियां भी भरती हैं। आरोप है कि कई वाहनों के पास यहां से व्यावसायिक रूप से सवारियां उठाने के लिए जरूरी परमिट नहीं है। इससे नियमों का पालन कर टैक्सी चलाने वाले स्थानीय चालकों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। जंक्शन पर सवारियां बैठाने को लेकर स्थानीय और बाहरी टैक्सी चालकों के बीच तनाव भी बढ़ रहा है। स्थानीय चालकों का कहना है कि विरोध करने पर विवाद की स्थिति बन जाती है। ऐसा ही एक मामला मारपीट तक पहुंच गया। इससे जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

सोमवार को डीएम तक पहुंची थी अवैध टैक्सियों की शिकायत

यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब सोमवार को ही बरेली टैक्सी वेलफेयर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष पिंटू राणा ने डीएम अविनाश सिंह से शहर में अवैध रूप से सवारियां ढोए जाने की शिकायत की थी। शिकायत में बरेली जंक्शन, टैक्सी स्टैंड और पटेल चौक पर प्राइवेट वाहनों से सवारियां ढोने और कथित तौर पर दलालों के सक्रिय होने का आरोप लगाया गया था। एसोसिएशन का आरोप है कि कुछ लोग प्राइवेट वाहनों में सवारियां बैठवाकर कमीशन लेते हैं। इससे एक तरफ यात्रियों से मनमाना किराया वसूले जाने की आशंका रहती है, वहीं परमिट, टैक्स और अन्य नियमों का पालन करने वाले टैक्सी चालकों को नुकसान उठाना पड़ता है।

शिकायत के बाद भी जंक्शन पर नहीं बदले हालात

टैक्सी एसोसिएशन का कहना है कि अवैध संचालन की शिकायत पहले भी अधिकारियों से की जा चुकी है। सोमवार को मामला डीएम तक पहुंचने के बाद भी जंक्शन पर स्थिति में बदलाव नजर नहीं आ रहा है। अब उत्तराखंड नंबर की टैक्सियों द्वारा कथित रूप से बिना परमिट सवारियां भरने का मामला सामने आने से परिवहन विभाग की चेकिंग व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय टैक्सी चालकों की मांग है कि परिवहन विभाग और पुलिस संयुक्त अभियान चलाकर जंक्शन पर वाहनों के परमिट की जांच करें। साथ ही यह भी देखा जाए कि दूसरे राज्यों से आने वाली टैक्सियां किन नियमों और परमिट के आधार पर बरेली से सवारियां उठा रही हैं। नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की जाए।

आरटीओ ने बयान देने से किया इंकार, एआरटीओ बोले- लगातार चल रही चेकिंग

मामले में आरटीओ प्रणव झा से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने बयान देने से इंकार कर दिया। वहीं एआरटीओ वैभव सोती ने बताया कि परिवहन विभाग की ओर से लगातार वाहनों की चेकिंग की जा रही है। नियमों और परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *