google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
bareillyकरवा चौथ पर आठ शुभ योगों का संयोग, रात 8:04 बजे होगा चंद्रोदय

लक्ष्मी नारायण राजयोग, बुधादित्य और त्रिग्रही योग का बनेगा संयोग, रात 8:04 बजे होगा चंद्रोदय


बरेली। इस बार करवा चौथ का पर्व कई शुभ ज्योतिषीय योगों के संयोग में मनाया जाएगा। लक्ष्मी नारायण राजयोग, बुधादित्य योग, त्रिग्रही योग और शुक्रादित्य योग समेत आठ शुभ योग इस पर्व को विशेष बना रहे हैं। ज्योतिषाचार्य राजेश कुमार शर्मा के अनुसार, रोहिणी नक्षत्र, परिधि, गौरी और सर्वार्थ सिद्धि योग के साथ वृषभ राशि में चंद्रमा का गोचर भी विशेष महत्व रखेगा।

29 अक्टूबर को रखा जाएगा व्रत

ज्योतिषाचार्य राजेश कुमार शर्मा बताते हैं कि पंचांग के अनुसार कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि 28 अक्टूबर की रात 1:08 बजे शुरू होकर 29 अक्टूबर की रात 10:11 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के आधार पर करवा चौथ का व्रत 29 अक्टूबर, गुरुवार को रखा जाएगा।

शाम 5:38 से पूजन का मुहूर्त

करवा चौथ पर व्रत का समय सुबह 6:31 बजे से रात 8:17 बजे तक रहेगा। पूजन के लिए शाम 5:38 से 6:56 बजे तक का समय शुभ बताया गया है। इस बार व्रत के दौरान भद्रा का साया भी नहीं रहेगा।

सुबह 3:30 से 5:30 बजे तक सरगी

करवा चौथ पर सरगी ग्रहण करने की परंपरा सूर्योदय से पहले निभाई जाती है। इस बार महिलाएं सुबह 3:30 से 5:30 बजे के बीच सरगी ग्रहण कर सकती हैं। पंचांग के अनुसार सूर्योदय सुबह 6:22 बजे होगा। इसके बाद महिलाएं निर्जला व्रत का संकल्प लेकर पति की लंबी आयु और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना करेंगी।

रात 8:04 बजे होंगे चंद्र दर्शन

ज्योतिषाचार्य के अनुसार 29 अक्टूबर को चंद्रोदय रात 8:04 बजे होगा। महिलाएं चंद्रमा को अर्घ्य देने और दर्शन-पूजन के बाद व्रत खोलेंगी। हालांकि, अलग-अलग शहरों में चंद्रोदय के समय में अंतर हो सकता है। ऐसे में स्थानीय पंचांग के अनुसार समय देखना उचित रहेगा।

पति की लंबी आयु के लिए रखती हैं व्रत

हिंदू धर्म में करवा चौथ का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन सुहागिन महिलाएं पति की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और वैवाहिक जीवन की खुशहाली के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। नारद पुराण में इसका उल्लेख ‘करकाख्यं व्रतम’ के रूप में मिलता है। इस दिन भगवान गणेश और चंद्रदेव की पूजा-अर्चना की जाती है। चंद्रमा को अर्घ्य देने के बाद व्रत पूरा करने की परंपरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *