बरेली। इज्जतनगर क्षेत्र में स्कूल जा रही नाबालिग छात्रा का पड़ोस में रहने वाले युवक ने रास्ता रोककर हाथ पकड़ लिया। आरोपी ने छात्रा से प्यार करने की बात कही। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए उसे धमकाया कि अगर घरवालों को बताया तो अच्छा नहीं होगा। घटना के बाद छात्रा बुरी तरह डर गई। मामले में उसकी दादी ने इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
स्कूल जाते समय रोककर पकड़ा हाथ
दादी के मुताबिक उनकी पोती उनके पास रहकर पढ़ाई करती है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला चंदू पुत्र छोटे लाल काफी समय से स्कूल जाते समय छात्रा का पीछा करता है और रास्ते में रोकने की कोशिश करता है। शनिवार सुबह करीब सात बजे छात्रा स्कूल जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने रास्ते में उसे रोक लिया और उसका हाथ पकड़ लिया।
विरोध किया तो दी गालियां, जान से मारने की धमकी
आरोप है कि चंदू ने छात्रा से कहा कि वह उससे प्यार करता है। छात्रा ने इसका विरोध करते हुए उसे मना किया तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसने जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि अगर उसने घटना के बारे में घरवालों को बताया तो उसके लिए अच्छा नहीं होगा।
दादी बोलीं- पोती डरी हुई, कार्रवाई जरूरी
घटना के बाद छात्रा काफी भयभीत है। दादी का कहना है कि आरोपी लगातार उनकी पोती का पीछा कर रहा है और रास्ता रोकता है। इससे उन्हें आशंका है कि भविष्य में आरोपी उसके साथ कोई गंभीर घटना कर सकता है। दादी ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और पोती की सुरक्षा की मांग की है।