UP NEWSगर्ल्स कॉलेज के बाहर हंगामा करने के आरोप में पकड़े गए दोनों भाई।

बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र के मॉडल टाउन स्थित गुरु गोबिंद गर्ल्स इंटर कॉलेज के बाहर बृहस्पतिवार सुबह शराब के नशे में दो सगे भाइयों ने जमकर हंगामा किया। दोनों ने गाली-गलौज करते हुए कॉलेज का गेट खुलवाने की कोशिश की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। मेडिकल परीक्षण में शराब पीने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक पकड़े गए युवकों की पहचान प्रेमनगर थाना क्षेत्र के डीडीपुरम निवासी पुष्कर और पुष्पेंद्र के रूप में हुई। दोनों सगे भाई हैं। बृहस्पतिवार सुबह दोनों शराब के नशे में मॉडल टाउन पहुंचे थे। गर्ल्स इंटर कॉलेज के बाहर कुछ छात्राओं को देखकर दोनों ने कॉलेज का गेट खोलने के लिए कहा। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए हंगामा करने लगे।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, दोनों को हिरासत में लिया

कॉलेज के बाहर हंगामा होता देखकर किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दे दी। बारादरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों भाइयों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पूछताछ में दोनों ने शराब पीने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल ले गई। जांच में दोनों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।

बेटी के जन्मदिन की पार्टी बनी शराब पीने की वजह

पुलिस की पूछताछ में शराब पीने की वजह भी सामने आई। एक भाई ने बताया कि उसकी बेटी का बृहस्पतिवार को जन्मदिन था। छोटे भाई ने उससे पार्टी मांगी थी। इसी के बाद दोनों ने सुबह से ही सड़क पर शराब पीनी शुरू कर दी। नशा चढ़ने पर वे यह भी भूल गए कि पास में लड़कियों का कॉलेज है। पुलिस के सामने दोनों भाइयों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी। इंस्पेक्टर बारादरी विजेंद्र सिंह ने बताया कि मेडिकल परीक्षण में शराब पीने की पुष्टि हुई है। दोनों के खिलाफ नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *