बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में शादी के महज पांच महीने बाद 21 वर्षीय नवविवाहिता शिवानी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार को शिवानी का शव घर में चुन्नी के सहारे फंदे से लटका मिला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही मायके वाले ससुराल पहुंच गए और बेटी की हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
घटना इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गिरधारीपुरा की है। यहां रहने वाले वीरेंद्र की पत्नी शिवानी का शव रविवार को घर में चुन्नी के सहारे फंदे से लटका मिला। शिवानी को इस हालत में देखकर घर में अफरातफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को वापस घर ले आए। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।
पांच महीने पहले हुई थी शादी
शिवानी का मायका सुभाषनगर थाना क्षेत्र के शांति विहार-मढ़ीनाथ में है। करीब पांच महीने पहले ही उनकी शादी इज्जतनगर के गिरधारीपुरा निवासी वीरेंद्र के साथ हुई थी। शादी के कुछ ही महीने बाद शिवानी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से मायके वालों को गहरा सदमा लगा है। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग बदहवास हालत में उसकी ससुराल पहुंचे। शिवानी की मौत के बाद मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी की मौत सामान्य नहीं है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, घटना के बाद से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर जानकारी जुटाई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस शिवानी की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मायके वालों की ओर से लगाए गए हत्या के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि शिवानी की मौत किन परिस्थितियों में हुई।