नई दिल्ली। भोजपुरी अभिनेता और भाजपा सांसद मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी अब रियलिटी शो बिग बॉस 20 में नजर आ सकती हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि रीति का नाम शो के संभावित प्रतिभागियों में शामिल है और उनसे कई दौर की बातचीत भी हो चुकी है। हालांकि, शो के निर्माताओं की ओर से अभी उनके नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
माता-पिता हुए अलग, पिता-बेटी का रिश्ता रहा बरकरार
रीति तिवारी, मनोज तिवारी और उनकी पहली पत्नी रानी तिवारी की बेटी हैं। मनोज तिवारी और रानी का वैवाहिक रिश्ता करीब 11 साल बाद खत्म हो गया था। माता-पिता के अलग होने के बावजूद रीति और उनके पिता के बीच रिश्ता बना रहा। मनोज तिवारी समय-समय पर बेटी के प्रति अपना स्नेह जाहिर करते रहे हैं। अब रीति के बिग बॉस 20 में शामिल होने की चर्चाओं के बीच माना जा रहा है कि उन्हें पिता का पूरा समर्थन मिलेगा। मनोज तिवारी खुद भी रियलिटी शो बिग बॉस का हिस्सा रह चुके हैं, ऐसे में उनका अनुभव भी बेटी के काम आ सकता है।
सिंगर-सॉन्गराइटर के साथ बिजनेस में भी सक्रिय
रीति ने मुंबई के जमनाबाई नरसी स्कूल से पढ़ाई की है। वह सिंगर, सॉन्गराइटर, कंपोजर और प्रोड्यूसर के रूप में संगीत की दुनिया में सक्रिय हैं। इसके अलावा वह रीति स्पोर्ट्स की डायरेक्टर हैं और एक जूलरी फर्म की सह-संस्थापक भी बताई जाती हैं। रीति ने वर्ष 2025 में राजनीति में भी कदम रखा था। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि राजनीति में आने के बारे में उन्होंने काफी बाद के लिए सोचा था, लेकिन उन्हें यह अवसर उम्मीद से पहले मिल गया।
कई दौर की बातचीत के बाद नाम पर चर्चा तेज
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिग बॉस 20 के लिए रीति तिवारी से कई दौर की बातचीत की गई है। इसके बाद उनके शो में शामिल होने की खबरें तेज हो गई हैं। हालांकि, जब तक शो के निर्माता आधिकारिक रूप से नाम घोषित नहीं करते, उनकी भागीदारी की पुष्टि नहीं मानी जा सकती। संगीत, कारोबार और सार्वजनिक जीवन का अनुभव रखने वाली रीति यदि बिग बॉस के घर में प्रवेश करती हैं तो दर्शकों को उनका नया अंदाज देखने को मिलेगा। अब निगाहें शो के निर्माताओं की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।