बरेली। भोजीपुरा पुलिस ने भैरपुरा बाजार से चोरी हुई स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी चोरी की बाइक बेचने की फिराक में थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ लिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धारा बढ़ाकर आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
सात अक्तूबर को दर्ज कराया था मुकदमा
देवरनिया थाना क्षेत्र के गांव चठिया निवासी महेश कुमार ने सात अक्तूबर को भैरपुरा बाजार से बाइक चोरी होने की सूचना पुलिस को दी थी। तहरीर के आधार पर भोजीपुरा थाने में अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे और बाइक की बरामदगी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी।
किच्छा में रह रहे थे दोनों आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में देवरनिया के गांव खमरिया गोपाढानी निवासी आयुष (22) और भोजीपुरा के गांव कलारा निवासी गोपाल (21) शामिल हैं। दोनों वर्तमान में उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा में रह रहे थे। गश्त के दौरान मिली सूचना पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद की।
कम कीमत पर बेच देते थे चोरी की बाइक
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने भीड़भाड़ वाली जगहों और सड़क किनारे खड़ी बाइकों के ताले तोड़कर चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद बाइक कम कीमत पर बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे। बरामद बाइक को भी बेचने की तैयारी थी।
बरामदगी के बाद बढ़ाई धारा
पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह, तनवेश कुमार, कांस्टेबल इरशाद, नवीन कुमार और रिक्रूट कांस्टेबल पारस जैन शामिल रहे। पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है।