बरेली। बरेली में बारिश थमने का नाम नहीं ले रही और शहर के हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। सड़कें पानी में डूबी हैं, गलियों में घुसा पानी लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। ऐसे हालात में बच्चों को स्कूल भेजने का जोखिम प्रशासन ने भी नहीं उठाया। सोमवार की छुट्टी के बाद अब मंगलवार और बुधवार को भी कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल बंद रहेंगे। जिलाधिकारी अविनाश सिंह के आदेश के बाद स्कूलों में दो दिन और छुट्टी बढ़ा दी गई है।
सड़क पर पानी ही पानी, घर से निकलना हुआ मुश्किल
रविवार से शुरू हुई तेज बारिश सोमवार को भी जारी रही। लगातार बरसात से शहर के कई हिस्से पानी में डूब गए। निचले इलाकों में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। कहीं सड़कें नजर नहीं आ रहीं तो कहीं घरों और दुकानों तक पानी पहुंच गया है। जलभराव के चलते लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है और कई जगह यातायात भी बुरी तरह प्रभावित है।
बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए लिया फैसला
बारिश और जलभराव के बीच बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने स्कूल बंद रखने का फैसला किया है। मंगलवार और बुधवार को कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों में पढ़ाई नहीं होगी। यह फैसला सरकारी स्कूलों के साथ मान्यता प्राप्त और अलग-अलग बोर्ड से संचालित स्कूलों पर भी लागू होगा।
स्कूल खोला तो कार्रवाई की चेतावनी
प्रशासन ने स्कूल संचालकों को आदेश का पालन करने के निर्देश दिए हैं। साफ कहा गया है कि छुट्टी के आदेश के बावजूद अगर स्कूल खोले गए तो संबंधित स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। बारिश के मौजूदा हालात में बच्चों की सुरक्षा को सबसे ऊपर रखा गया है।
कई प्राइवेट स्कूलों ने 12वीं तक कर दी छुट्टी
वहीं, कई बड़े निजी और मिशनरी स्कूलों ने भी बारिश की गंभीर स्थिति को देखते हुए अपने स्तर से कक्षा 12 तक के बच्चों की छुट्टी बुधवार तक बढ़ा दी है। स्कूल प्रबंधनों के सामने सबसे बड़ी परेशानी बसों और वैन के संचालन की है। शहर की जलभराव वाली सड़कों पर स्कूली वाहनों का चलना मुश्किल हो गया है।
बारिश और बढ़ी तो आगे भी बदल सकता है फैसला
मौसम का मिजाज अभी भी बिगड़ा हुआ है। ऐसे में अगर बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा और हालात और खराब हुए तो स्कूलों की छुट्टी आगे भी बढ़ाई जा सकती है। फिलहाल बच्चों को मंगलवार और बुधवार को स्कूल जाने से राहत मिल गई है।