sरामगंगा तट पर फ्लड फाइटिंग कार्यों का निरीक्षण करते जिलाधिकारी अविनाश सिंह।

बरेली। रामगंगा नदी का बढ़ता जलस्तर और तटवर्ती इलाकों में कटान की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है। सोमवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने मीरगंज तहसील के ग्राम कपूरपुर पहुंचकर रामगंगा के किनारे चल रहे फ्लड फाइटिंग कार्यों का जायजा लिया। जलभराव के कारण जहां सामान्य वाहनों से पहुंचना मुश्किल था, वहां डीएम ट्रैक्टर से पहुंचे और प्रभावित इलाकों की स्थिति देखी।

प्राचीन मंदिर के पास कटान रोकने के काम का लिया जायजा

ग्राम कपूरपुर में रामगंगा नदी के बाएं किनारे पर प्राचीन रामगंगा मंदिर के पास कटान रोकने के लिए सुरक्षात्मक कार्य कराए जा रहे हैं। डीएम ने नदी के बहाव और कटान प्रभावित हिस्सों का निरीक्षण करने के साथ बाढ़ खंड के अधिकारियों से कार्यों की तकनीकी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नदी के कटान को रोकने के लिए किए जा रहे कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार और तेजी से पूरे किए जाएं। काम की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। मंदिर के साथ आसपास की आबादी की सुरक्षा के लिए संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने को कहा।

ट्रैक्टर से जलभराव वाले इलाकों तक पहुंचे डीएम

निरीक्षण के दौरान डीएम स्वयं ट्रैक्टर से जलभराव वाले क्षेत्रों में पहुंचे। उन्होंने ग्राम प्रधान और ग्रामीणों से बातचीत कर नदी के बहाव, कटान और गांव के सामने आ रही समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने फ्लड फाइटिंग कार्यों को लेकर कुछ सुझाव भी दिए, जिस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि रामगंगा तट पर स्थित प्राचीन धार्मिक स्थल स्थानीय लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर की सुरक्षा प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए। जलस्तर बढ़ने की स्थिति में संवेदनशील स्थानों पर तत्काल अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएं।

गंगा माता मंदिर में की पूजा-अर्चना

निरीक्षण के बाद डीएम ने रामगंगा तट स्थित गंगा माता मंदिर में पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुरक्षा व जनपदवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने अधिकारियों से बाढ़ और कटान की संभावित स्थिति को लेकर सतर्क रहने को कहा। इस दौरान एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एसडीएम मीरगंज निधि शुक्ला, बाढ़ खंड के सहायक अभियंता व अवर अभियंता, ग्राम प्रधान समेत अन्य अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *