बरेली। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के गांव कुरतरा में मंगलवार रात 45 वर्षीय दिव्यांग व्यक्ति की चाकू से वार कर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह उनका शव बिस्तर पर मिलने से परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पहचान दीपचंद्र सक्सेना के रूप में हुई है। परिजनों ने जमीन के विवाद में छोटे भाई सतीश पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सतीश समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सुबह चाय लेकर पहुंची भाभी तो बिस्तर पर मिला शव
बुधवार सुबह काफी देर तक दीपचंद्र के नहीं उठने पर उनके छोटे भाई सुधीर की पत्नी पूजा चाय लेकर कमरे में पहुंचीं। उन्होंने दीपचंद्र को कई बार आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पूजा ने उनका कंधा पकड़कर हिलाया तो वह बेसुध पड़े थे। उनकी मौत हो चुकी थी। यह देखकर पूजा की चीख निकल गई। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना से गांव में सनसनी फैल गई।
दो बीघा जमीन को लेकर भाइयों में चल रहा था विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जांच में जमीन के विवाद की बात सामने आई है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार के मुताबिक, दीपचंद्र ने गिरवी रखी दो बीघा कृषि भूमि छुड़ाई थी। इसके बाद से वह खुद ही जमीन पर खेती कर रहे थे। इसी बात को लेकर उनका छोटा भाई सतीश नाराज था और जमीन में अपना हिस्सा मांग रहा था। परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश में दीपचंद्र की हत्या की गई।
डेढ़ साल पहले भी हुई थी मारपीट, दर्ज है मुकदमा
पुलिस के अनुसार, जमीन के विवाद को लेकर दोनों भाइयों के बीच पहले भी कहासुनी और मारपीट हो चुकी थी। करीब डेढ़ साल पहले सतीश ने कथित तौर पर दीपचंद्र के साथ मारपीट की थी। इस मामले में मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। पुलिस अब पुराने विवाद और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर वारदात की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
घटनास्थल से शराब के छह पौआ और डंडा बरामद
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। फील्ड यूनिट ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस को मौके से शराब के छह पौआ और एक डंडा मिला है। इनमें शराब के दो पौआ खाली थे। पुलिस इन वस्तुओं का वारदात से संबंध होने की भी जांच कर रही है।
छोटे भाई समेत चार हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
पुलिस ने मृतक के छोटे भाई सतीश को हिरासत में लिया है। उसकी ओर से बताए गए तीन अन्य लोगों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझाई जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वारदात की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।