बदायूं। उघैती थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। खितौरा के गोदी नगला के पास तेज रफ्तार डंपर ने यात्रियों से भरे टेंपो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
टेंपो में सवार थे करीब 16 यात्री, पीछे से डंपर ने मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर टेंपो करीब 16 यात्रियों को लेकर जा रहा था। खितौरा क्षेत्र के गोदी नगला के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही टेंपो में सवार यात्री इधर-उधर जा गिरे। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े और टेंपो में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही उघैती थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।
पति-पत्नी समेत तीन ने गंवाई जान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 47 वर्षीय ओमकार पुत्र रामचरण और उनकी 45 वर्षीय पत्नी शांति, निवासी उघैती थाना क्षेत्र, बदायूं के रूप में हुई है। तीसरी मृतका रूपवती पत्नी पप्पू हैं, जो गाजीपुर वसुंधरा एंक्लेव, मयूर विहार फेस-3, पूर्वी दिल्ली की रहने वाली थीं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पांच साल का अयान भी घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज
घायलों में सहसवान थाना क्षेत्र के गांव शहबाजपुर निवासी 25 वर्षीय परवीन पुत्री अकबर, 50 वर्षीय साईदन पत्नी अकबर, आबिद पुत्र खुर्शीद खान, पांच वर्षीय अयान पुत्र सानू और संजीता पत्नी कल्लू शामिल हैं। इसके अलावा जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव कुदई निवासी 30 वर्षीय मोहरकली पुत्री जगदीश और सहसवान के मजहबाग निवासी नजमा पत्नी गुलशेर भी घायल हुई हैं। अन्य घायलों की जानकारी जुटाई जा रही है।
डंपर पुलिस के कब्जे में, घायलों को अस्पताल भेजा
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर को कब्जे में ले लिया है। घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से बिल्सी के सरकारी अस्पताल और सहसवान क्षेत्र के अस्पतालों में भेजा गया है। गंभीर घायलों का उपचार कराया जा रहा है। हादसे के बाद टेंपो में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाए जाने को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि टेंपो में करीब 16 यात्री सवार थे। पुलिस हादसे के कारणों और दोनों वाहनों की स्थिति की जांच कर रही है।