google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSआरोपी टिकाऊ उर्फ प्रिंस उर्फ मिथुन

बदायूं। जिले के जरीफनगर थाने में पुलिस की निगरानी से चोरी के आरोपी के फरार होने का मामला सामने आया है। शुक्रवार देर शाम पूछताछ के लिए थाने लाया गया आरोपी शौच जाने के बहाने पुलिसकर्मी को चकमा देकर हथकड़ी समेत शौचालय के रोशनदान से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही थाने में हड़कंप मच गया। पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुट गईं। करीब 10 घंटे की मशक्कत के बाद शनिवार सुबह पुलिस ने आरोपी को दहगवां कस्बे से गिरफ्तार कर लिया। इस घटना ने थाने की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पेट्रोल पंप की रसोई से सिलिंडर चोरी के मामले में पकड़ा गया था आरोपी

जानकारी के अनुसार, जरीफनगर थाना क्षेत्र के दहगवां चौराहे पर सपा नेता लड्डन मियां का पेट्रोल पंप है। आरोप है कि दहगवां कस्बे के वार्ड नंबर एक निवासी टिकाऊ उर्फ प्रिंस उर्फ मिथुन ने पेट्रोल पंप की रसोई से गैस सिलिंडर चोरी कर लिया था। चोरी करने के बाद आरोपी ने सिलिंडर को एक खेत में फेंक दिया था। चोरी की पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। इस संबंध में पेट्रोल पंप के मैनेजर महिपाल ने जरीफनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और शिकायत के आधार पर आरोपी को पकड़कर पूछताछ के लिए थाने लाया था।

शौच जाने के बहाने पुलिसकर्मी को दिया चकमा

शुक्रवार देर शाम थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी को हथकड़ी लगाई गई थी। इसी बीच उसने शौच जाने की बात कही। पुलिसकर्मी उसे थाने के शौचालय तक लेकर गया और हथकड़ी से बंधी रस्सी पकड़कर बाहर खड़ा हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने शौचालय के अंदर पहुंचते ही हथकड़ी से बंधी रस्सी खोल ली। इसके बाद वह हथकड़ी समेत रोशनदान के रास्ते बाहर निकलकर फरार हो गया। बाहर खड़े सिपाही को इसकी भनक तक नहीं लगी।

दरवाजा तोड़ा तो खाली मिला शौचालय, थाने में मचा हड़कंप

काफी देर तक आरोपी के बाहर नहीं आने पर सिपाही को संदेह हुआ। उसने आरोपी को कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद सिपाही ने शौचालय का दरवाजा खटखटाया। जवाब नहीं मिलने पर उसने दरवाजे पर लात मारी, जिससे दरवाजा खुल गया।

अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई।

होटल, ढाबों और चाय की दुकानों पर रातभर दबिश

आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में तलाश अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों के साथ ही होटल, ढाबों और चाय की दुकानों पर दबिश दी। रातभर चली तलाश के बाद शनिवार सुबह आरोपी टिकाऊ उर्फ प्रिंस उर्फ मिथुन को दहगवां कस्बे से गिरफ्तार कर लिया गया।

थाने की जीडी में आरोपी की एंट्री को लेकर भी उठे सवाल

इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी का विवरण थाने की जनरल डायरी (जीडी) में दर्ज नहीं किया गया था। हालांकि, उसे पूछताछ के लिए थाने लाए जाने का तस्करा दर्ज होने की बात सामने आई है। थाने के अंदर से हथकड़ी समेत आरोपी के फरार होने की घटना को सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक के रूप में देखा जा रहा है।

एसपी ग्रामीण बोले—मामले में की जा रही कार्रवाई

एसपी ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया ने बताया कि शुक्रवार देर शाम थाने से फरार हुए आरोपी को शनिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के भागने के मामले में कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल इस घटना के बाद थाने में बरती गई लापरवाही और आरोपी के फरार होने की परिस्थितियों को लेकर सवाल बने हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *